Weather Updates: देशभर में कई क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिम बंगाल और पुर्वोत्तर तक के कई इलाको में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ इलाकों में हीटवेव (लू) का भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ उत्तरी पूर्वी राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने दक्षिण भारत में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में कई जगह बिजली गिरने के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 4 अप्रैल तक बारिश का अनुमान जताया गया है।
देश की राजधानी दिल्ली की अगर बात करें तो बीते दिन यानी 31 मार्च को 35.2 डिग्री तापमान के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दिल्ली में आज, 1 अप्रैल, 2024 को तेज हवाएं चलेंगी, जिसकी वजह से तापमान में मामूली गिरावट देखी जा सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं 6 अप्रैल तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज और बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के भी कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी आज दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं से यहां के मौसम में भी नरमी की उम्मीद जताई जा रही है। आज (1 अप्रैल 2024) लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20 और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
इन राज्यों में लू के आसार
मौसम विभाग ने दक्षिणी राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। तेलंगाना में पानी का संकट गहराता जा रहा है। राज्य के लोग सूखे की मार झेल रहे हैं। इस बीच यहां गर्म हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश में 4 अप्रैल तक लू चलने की आशंका जताई है।
ओडिशा में गर्मी से हाल बेहाल
ओडिशा में गर्मी से हालत बेहद खराब हैं। ऐसे में ओडिशा राज्य सरकार ने 30 मार्च से सभी सकूलों के लिए सुबह कक्षाएं चलाने का ऐलान किया है। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के साथ-साथ निजी संस्थानों को भी 2 अप्रैल से सुबह 7 बजे से 11.30 बजे तक कक्षाएं चलाने के निर्देश दिए गए हैं।