बर्ड फ्लू से संक्रमण का देश में दूसरा मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल में एक चार साल के बच्चे को H9N2 बर्ड फ्लू वायरस से संक्रमित पाया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की 11 जून की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक बच्चे को फरवरी में स्थानीय पीडियाट्रिक आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) में भर्ती किया गया था। उसे सांस की गंभीर बीमारी, तेज बुखार और पेट में मरोड़ के चलते भर्ती किया गया था। तीन महीने तक इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिली। यह भारत में H9N2 बर्ड फ्लू से किसी इंसान के संक्रमित होने का दूसरा मामला है और इससे पहले 2019 में इसका मामला सामने आया था।
डब्ल्यूएचओ का कहना है कि बच्चे को घर और आस-पास मुर्गीपालन के संपर्क में बर्ड फ्लू का संक्रमण हुआ। हालांकि बच्चे के अलावा किसी और शख्स में सांस से जुड़ी दिक्कतें नहीं दिखीं। बच्चे का वैक्सीनेशन हुआ है या नहीं, इसके बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है और उसका इलाज क्या चला, इसके बारे में अभी सामने नहीं आया है।
H9N2 को लेकर WHO ने किया है सतर्क
भारत में अब तक बर्ड फ्लू के दो मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले वर्ष 2019 में पहला मामला सामने आया था और अब दूसरा मामला सामने आया है। इस संक्रमण में बीमारी के हल्के लक्षण दिखते हैं लेकिन डब्ल्यूएचओ ने इसे लेकर आगाह किया है कि यह इंसानों के बीच फैल सकता है। यह पोल्ट्री में मौजूद सबसे व्यापक एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस में से एक है। WHO ने हाल ही में बर्ड फ्लू को लेकर एक अलर्ट जारी किया और इसे दुनिया के लिए एक बड़ा और नया खतरा बताया। बर्ड फ्लू समुद्री पक्षी, बत्तख, मुर्गियों आदि को ज्यादा संक्रमित करता है। इसके अलावा, स्तन वाले जीवों को भी ये अपने चपेट में लेता है। स्तनधारी जीवों में इस इंफ्लेशन के फैलने की वजह से WHO की चिंता काफी बढ़ गई है।