बर्ड फ्लू से संक्रमण का देश में दूसरा मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल में एक चार साल के बच्चे को H9N2 बर्ड फ्लू वायरस से संक्रमित पाया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की 11 जून की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक बच्चे को फरवरी में स्थानीय पीडियाट्रिक आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) में भर्ती किया गया था। उसे सांस की गंभीर बीमारी, तेज बुखार और पेट में मरोड़ के चलते भर्ती किया गया था। तीन महीने तक इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिली। यह भारत में H9N2 बर्ड फ्लू से किसी इंसान के संक्रमित होने का दूसरा मामला है और इससे पहले 2019 में इसका मामला सामने आया था।
