Udaipur killing: मोहम्मद रियाज अख्तरी (Mohammad Riyaz Akhtari) ने अपने एक और साथी के साथ मिलकर मंगलवार को राजस्थान (Rajasthan) के उदयपुर (Udaipur) में दर्जी कन्हैया लाल (Kanhaiya Lal) की हत्या कर दी थी। अब इस मामले कई खुलासे हो रहे हैं। Hindustan Times के मुताबिक, इस मामले से जुड़े लोगों ने बताया कि रियाज ने अब से नौ साल पहले अपनी मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर '2611' लेने के लिए 1,000 रुपए दिए थे। ये नंबर 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों की तारीख से मेल खाता है।
इस बाइक पर रियाज और उसका साथी गॉस मोहम्मद कन्हैया की हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गए थे। इन दोनों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी का समर्थन करने के लिए कन्हैया की बेरहमी से हत्या की थी। पुलिस ने पुष्टि की कि बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर RJ 27 AS 2611 था। उन्हें राजसमंद के भीम कस्बे के पास से पकड़ा गया था।
उदयपुर के रीजनल ट्रैफिक अधिकारी, प्रभु लाल बामनिया ने कहा कि वाहन मालिक से 2611 नंबर के लिए डिमांड ड्राफ्ट के जरिए 1,000 रुपए की पेमेंट ली गई थी। बाइक 15 मार्च, 2013 को रजिस्टर्ड की गई थी।
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले में करीब एक दर्जन पाकिस्तानी आतंकियों ने 166 लोगों को मार गिराया था।
कट्टरपंथी मानसिकता का संकेत
घटनाक्रम से जुड़े एक व्यक्ति ने कहा कि अपनी मोटरसाइकिल के लिए 26/11 के आतंकी हमलों से जुड़ा नंबर लेने में रियाज की दिलचस्पी और जिस तरह की कंटेंट वह पिछले कुछ हफ्तों में Whatsapp ग्रुप पर पोस्ट कर रहा था। उससे उसकी कट्टरपंथी मानसिकता का संकेत मिलता है।
इस मामले से जुड़े अधिकारियों ने गुरुवार को कहा, "राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) इस बात की जांच कर रही है कि क्या रियाज और गौस एक बड़े अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क का हिस्सा हैं या स्थानीय आत्म-कट्टरपंथी आतंकवादी गिरोह से हैं, जिसका कोई बाहरी समर्थन नहीं है।"
उन्होंने कहा कि एजेंसी गौस से कराची स्थित संगठन दावत-ए-इस्लामी के साथ उसके संभावित संबंधों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
आरोपियों ने हत्या की वारदात को अपने फोन में कैद कर लिया और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को धमकी दी, क्योंकि उन्होंने अपराध में इस्तेमाल किए गए चाकू के साथ गर्व से पेश किया था।