Vegetable Prices: बारिश के बाद आसमान छूने लगे कई सब्जियों के दाम, 250 रुपये किलो पहुंचा मटर का भाव

व्यापारियों ने बताया कि खुदरा मार्केट में मटर का दाम बढ़कर 250 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है, जो एक हफ्ते पहले तक 130-150 रुपये प्रति किलो था

अपडेटेड Sep 26, 2022 पर 11:11 PM
Story continues below Advertisement
टमाटर की कीमत 40 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो हो गई है

हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले एक सप्ताह में भारी बारिश के बाद मटर और फूलगोभी जैसी सब्जियों के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सब्जी व्यापारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। व्यापारियों ने बताया कि खुदरा मार्केट में मटर का दाम बढ़कर 250 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है, जो एक हफ्ते पहले तक 130-150 रुपये प्रति किलो था। इसी तरह टमाटर की कीमत 40 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो हो गई है।

हरियाणा, पंजाब के अलावा हिमाचल प्रदेश सहित कुछ पड़ोसी राज्यों में भारी बारिश के बाद कई सब्जियों की सप्लाई प्रभावित हुई है। सप्लाई में कमी के चलते इन सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं।

बीन्स और ककड़ी जैसी अन्य सब्जियों की खुदरा कीमतों में भी तेजी आई है और इनके मौजूदा दाम क्रमशः 100-110 रुपये प्रति किलो और 50-60 रुपये प्रति किलो के आसपास हैं।


यह भी पढ़ें- सप्ताह के पहले ही दिन निवेशकों के 6.5 लाख करोड़ रुपये डूबे, लगातार चौथे दिन धड़ाम हुआ शेयर बाजार

फूलगोभी का दाम एक हफ्ते पहले तक 70-80 रुपये प्रति किलो था, जो अब करीब 100-120 रुपये प्रति किलो बिक रही है। करेला 80 रुपये प्रति किलो के दायरे में बिक रहा है, जो पहले 60 रुपये प्रति किलो था। गाजर की कीमत भी 50 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 60-70 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है, जबकि लौकी का दाम 40 रुपये प्रति किलो से बढ़कर अब 50-60 रुपये प्रति किलो हो गया है।

मूली की कीमतें 40 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 60-80 रुपये प्रति किलो हो गई हैं। नींबू के दाम भी 25-30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये प्रति 250 ग्राम हो गए हैं। व्यापारियों ने बताया कि धनिया की कीमतें भी पहले 20 रुपये प्रति 100 ग्राम थीं, जो अब बढ़कर 30 रुपये हो गई हैं। साथ ही मिर्च की कीमतें भी बढ़ गई हैं।

हालांकि कारोबारियों का कहना है कि प्याज, आलू और सेब, नाशपाती और केला जैसे फलों की कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। एक व्यापारी ने बताया कि मौसम ठीक होने के कुछ दिनों बाद सब्जियों की कीमतों में स्थिरता आने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।