Get App

Weather Update: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश से 2 सैनिकों सहित 5 की मौत

Weather Update: अधिकारियों ने बताया कि नदियों और नालों में उफान के कारण मेहरीन, भंबरवान और बानी सहित कई गांव जलमग्न हो गए, जिससे वहां रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। जम्मू, रामबन और उधमपुर जिलों के अखनूर के कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया, लेकिन किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है

Akhileshअपडेटेड Jul 10, 2023 पर 11:51 AM
Weather Update: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश से 2 सैनिकों सहित 5 की मौत
Weather Update: सेना के दोनों जवान सुरानकोट इलाके में डोगरा नाले को पार कर रहे थे और इस दौरान वे तेज बहाव में बह गए

Weather Update: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में रविवार को लगातार तीसरे दिन भी भारी बारिश और बेमौसम बर्फबारी होने के कारण दो सैनिकों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, जलाशयों के जलस्तर में वृद्धि के कारण मौसम विभाग ने जम्मू क्षेत्र और लद्दाख के कुछ हिस्सों के लिए सोमवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि जम्मू क्षेत्र के कई निचले इलाकों के लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में बहे दो सैनिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि सेना के दोनों जवान सुरानकोट इलाके में डोगरा नाले को पार कर रहे थे और इस दौरान वे तेज बहाव में बह गए। अधिकारियों के मुताबिक, नायब सूबेदार कुलदीप सिंह का शव शनिवार रात डोगरा नाले से निकाल लिया गया, जबकि लांस नायक तेलु राम का शव रविवार को बरामद हुआ। दोनों सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सेना ने कहा कि हादसे के वक्त जवान क्षेत्र में गश्त लगा रहे थे।

भूस्खलन की चपेट में आई बस

इस बीच, डोडा में भंगरून थाथरी-गंदोह गांव रोड पर एक यात्री बस भूस्खलन की चपेट में आ गई, जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गई। भद्रवाह के SP विनोद शर्मा ने कहा कि दोनों यात्रियों की पहचान आमिर सोहेल और मुदस्सर अली के रूप में हुई है और इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल भी हुआ है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें