अमागी मीडिया लैब्स का ₹1788.62 करोड़ का पब्लिक इश्यू 13 जनवरी को खुल रहा है। एक दिन पहले कंपनी ने 42 एंकर निवेशकों से ₹804.87 करोड़ रुपये जुटाए। अपर प्राइस बैंड पर 2.22 करोड़ इक्विटी शेयरों का एलोकेशन फाइनल किया गया। एंकर इनवेस्टर्स को किए गए कुल एलोकेशन में से 1.69 करोड़ इक्विटी शेयर 11 घरेलू म्यूचुअल फंड्स को एलोकेट किए गए। इनकी कीमत 613 करोड़ रुपये है। इनमें SBI म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC, HDFC AMC, मोतीलाल ओसवाल AMC, फ्रैंकलिन इंडिया, PGIM इंडिया और हेलिओस शामिल हैं।
इंश्योरेंस कंपनियों- HDFC लाइफ इंश्योरेंस, भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस और एडलवाइस लाइफ इंश्योरेंस ने भी अमागी में ₹53.98 करोड़ में 14.95 लाख शेयर खरीदे। इन निवेशकों के अलावा सोसाइटे जेनरल, गोल्डमैन सैक्स, 360 वन, अमुंडी फंड्स, क्रीएजिस ट्रांसफॉर्मेशन फंड, न्यू वर्नोन इंडिया और फिडेलिटी फंड्स ने भी एंकर बुक के जरिए कंपनी में निवेश किया। SBI म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल और आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC इस बुक में सबसे बड़े निवेशक रहे, जिनमें से हर एक ने ₹115 करोड़ के 31.85 लाख शेयर खरीदे।
IPO के लिए कितना प्राइस बैंड
अमागी मीडिया लैब्स को क्लाउड-बेस्ड ब्रॉडकास्ट और कनेक्टेड टीवी टेक्नोलॉजी में ग्लोबल लीडर माना जाता है। इसकी शुरुआत 2008 में हुई थी और हेडक्वार्टर बेंगलुरु में है। अमागी ट्रेडिशनल टीवी और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट बनाने, डिस्ट्रीब्यूशन और मोनेटाइजेशन के लिए एंड-टू-एंड समाधान प्रदान करती है। इसका IPO 16 जनवरी को बंद होगा। इसके बाद शेयरों का अलॉटमेंट 19 जनवरी को फाइनल होगा और लिस्टिंग 21 जनवरी को BSE NSE पर होगी। IPO के लिए प्राइस बैंड ₹343-₹361 प्रति शेयर और लॉट साइज 41 शेयर है।
अमागी मीडिया के IPO में ₹816 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹972.62 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) कंपोनेंट भी होगा। OFS के तहत शेयर बेचने वालों में PI अपॉर्चुनिटीज फंड-I, नॉरवेस्ट वेंचर पार्टनर्स X, एक्सेल ग्रोथ VI होल्डिंग्स (मॉरीशस) लिमिटेड, आदि शामिल हैं। अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का इरादा इश्यू के बाद ₹7,809.84 करोड़ का मार्केट कैपिटलाइजेशन हासिल करना है।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
कंपनी इस पब्लिक इश्यू में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों में से ₹550 करोड़ का इस्तेमाल टेक्नोलॉजी और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए करेगी। बाकी पैसे अज्ञात अधिग्रहणों और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए रहेंगे। इश्यू का 75% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए और 15% हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। बाकी 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है।
अमागी मीडिया लैब्स का वित्त वर्ष 2025 में रेवेन्यू 30% बढ़कर ₹1223.31 करोड़ हो गया। एक साल पहले यह ₹942.24 करोड़ था। 31 मार्च, 2025 तक कंपनी के दुनिया भर में 884 फुल-टाइम कर्मचारी थे। इनमें से 652 बेंगलुरु, अमेरिका, क्रोएशिया और पोलैंड के हब्स में टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग में काम करते थे। इसके अलावा 181 कर्मचारी कस्टमर-फेसिंग रोल में थे। कोटक महिंद्रा कैपिटल, सिटीग्रुप, गोल्डमैन सैक्स, IIFL कैपिटल, एवेंडस कैपिटल Amagi Media Labs के IPO के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। MUFG इनटाइम इंडिया इस इश्यू के लिए रजिस्ट्रार है।
आनंद राठी ने अमागी मीडिया लैब्स के IPO को 'सब्सक्राइब-लॉन्ग टर्म' रेटिंग दी है। ब्रोकरेज का कहना है कि अपर प्राइस बैंड पर कंपनी की वैल्यूएशन FY25 P/S के 6.7 गुना पर है। इसका मतलब है कि इश्यू के बाद कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹7809.80 करोड़ होगा। यह FY26 की पहली छमाही यानि कि अप्रैल-सितंबर 2025 में मुनाफे में आ गई और मजबूत ऑपरेटिंग लेवरेज के सपोर्ट से पूरे FY26 में मुनाफा देने के लिए अच्छी स्थिति में है। स्केलेबिलिटी, ऑटोमेशन, परफॉर्मेंस और यूजर अनुभव को बेहतर बनाने के लिए R&D में लगातार निवेश, मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में वीडियो के लिए इंडस्ट्री क्लाउड के रूप में इसकी पोजिशन को और मजबूत करता है। आनंद राठी के मुताबिक, इन फैक्टर्स को देखते हुए IPO पूरी तरह से सही कीमत पर लग रहा है और इसे "सब्सक्राइब-लॉन्ग टर्म" के रूप में रिकमेंड किया जाता है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।