FirstCry IPO: ई-कॉमर्स यूनिकॉर्न फर्स्टक्राय का IPO अगले सप्ताह खुलने की उम्मीद है। यह लगभग 2.9 अरब डॉलर या करीब 24,300 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन पर लॉन्च हो सकता है। मनीकंट्रोल को सूत्रों से पता चला है कि IPO के लिए अपर प्राइस बैंड 465 रुपये के आसपास तय किया जा सकता है। FirstCry बेबी और मदर केयर प्रोडक्ट्स की बिक्री करता है। IPO में 22 करोड़ डॉलर के नए शेयर जारी हो सकते हैं। साथ ही 5.4 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रह सकता है।
एक सूत्र ने मनीकंट्रोल को बताया, "फर्स्टक्राय जल्द ही एक-दो दिन में अपना आईपीओ लॉन्च करेगा और अगस्त के पहले 15 दिनों तक प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है। अपर प्राइस बैंड करीब 465 रुपये तय किया जा सकता है, जिससे वैल्यूएशन 24,300 करोड़ रुपये होगी।"
ब्रेनबीज सॉल्यूशंस लिमिटेड 13 अगस्त को स्टॉक एक्सचेंजों में लिस्ट हो सकती है। मामले से वाकिफ सूत्रों ने बताया कि कंपनी IPO से पहले एंकर बुक 5 अगस्त को लॉन्च कर सकती है। IPO आम लोगों के लिए 6 अगस्त को खुलने की उम्मीद है और क्लोजिंग 8 अगस्त को होगी।
FirstCry में प्रेमजी इनवेस्ट, महिंद्रा एंड महिंद्रा और सॉफ्टबैंक सहित अन्य एंटिटीज का पैसा लगा हुआ है। पिछले प्राइवेट फंडिंग राउंड में इसकी वैल्यूएशन 2.8 अरब डॉलर आंकी गई थी। फिलहाल, फर्स्टक्राय में सॉफ्टबैंक की 25.55 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि ब्रेनबीज सॉल्यूशंस और महिंद्रा की 10.98 प्रतिशत हिस्सेदारी है। एसवीएफ फ्रॉग (केमैन) लिमिटेड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, TPG, पीआई ऑपर्च्युनिटीज और नेक्स्टजेन उन निवेशकों में शामिल हैं, जो OFS के जरिए अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं।
पहले दिसंबर 2023 में IPO डॉक्युमेंट किए थे फाइल
फर्स्टक्राय की पेरेंट कंपनी BrainBees Solutionsने सबसे पहले दिसंबर 2023 में IPO डॉक्युमेंट फाइल किए थे। लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया क्योंकि कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी (Securities and Exchange Board of India) ने डिसक्लोजर और फाइनेंशियल्स को लेकर और डिटेल्स मांगी थीं। इसके बाद कंपनी ने अपडेटेड IPO ड्राफ्ट फाइल किया।
ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, फर्स्टक्राय ने 31 दिसंबर, 2023 को समाप्त 9 महीनों में 4,814 करोड़ रुपये का रेवन्यू दर्ज किया, जबकि इसी अवधि के दौरान उसे 278 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। कुल बिक्री का करीब 77 प्रतिशत हिस्सा ऑनलाइन चैनल्स के जरिए आया, जबकि शेष 23 प्रतिशत ऑफलाइन स्टोर्स के जरिए हासिल हुआ।