Garuda Construction and Engineering IPO: कंस्ट्रक्शन कंपनी गरुड़ा कंस्ट्रक्शन एंड इंजीनियरिंग के आईपीओ को खुदरा निवेशकों के दम पर 7 गुना से अधिक बोली मिली थी। इसमें खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा 10 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। अब आज इसके शेयरों का अलॉटमेंट होने वाला है। अलॉटमेंट फाइनल होने के बाद इसे या तो बीएसई की वेबसाइट पर या रजिस्ट्रार लिंक इनटाइम की वेबसाइट पर देख सकते हैं। ग्रे मार्केट में बात करें तो इसके शेयर आईपीओ के अपर प्राइस बैंड से 5 रुपये यानी 5.26 फीसदी की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर हैं। इससे शेयरों की प्रीमियम लिस्टिंग के संकेत मिल रहे हैं। यह 22 रुपये से गिरकर 5 रुपये पर आया है। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी की कारोबारी सेहत और लिस्टिंग के दिन मार्केट की परिस्थिति पर निर्भर रहेगा। शेयरों की BSE, NSE पर 15 अक्टूबर को एंट्री होगी।
BSE की साइट पर ऐसे करें चेक
इश्यू टाइप 'Equity' चुनें। इश्यू नाम Garuda Construction and Engineering चुनें।
एप्लीकेशन नंबर या पैन भरें।
फिर I'm not a robot पर क्लिक करें।
शेयरों का अलॉटमेंट स्टेटस स्कीन पर दिखने लगा कि कितने शेयर अलॉट हुए।
रजिस्ट्रार की साइट पर ऐसे करें स्टेटस चेक
सेलेक्ट कंपनी पर क्लिक करके Garuda Construction and Engineering चुनें।
पैन, एप्लीकेशन नंबर, डीपी/क्लाइंट आईडी, अकाउंट नंबर/IFSC में से कोई भी चुनें। फिर जो विकल्प चुना है, उसके मुताबिक डिटेल्स दें। जैसे कि पैन चुना है तो पैन भरें।
शेयरों का अलॉटमेंट स्टेटस स्कीन पर दिखने लगा कि कितने शेयर अलॉट हुए।
Garuda Construction and Engineering IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
गरुड़ा कंस्ट्रक्शन एंड इंजीनियरिंग का ₹264.10 करोड़ का आईपीओ 8-10 अक्टूबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। आईपीओ निवेशकों ने 90-95 रुपये के प्राइस बैंड और 157 शेयरों के लॉट में पैसे लगाए। इस इश्यू को हर कैटेगरी के निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला और ओवरऑल यह 7.55 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.24 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 9.03 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 10.81 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत 173.85 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। इसके अलावा 5 रुपये की फेस वैल्यू वाले 95 लाख शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री होगी। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, इनऑर्गेनिक एक्विजिशिन और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
Garuda Construction and Engineering के बारे में
वर्ष 2010 में बनी गरुड़ा कंस्ट्रक्शन एंड इंजीनियरिंग आवासीय, कॉमर्शियल और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स के लिए कंस्ट्रक्शन सर्विसेज मुहैया कराती है। इसके अलावा यह ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (O&M) और मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और प्लंबिंग (MEP) सर्विसेज के साथ-साथ फिनशिंग सर्विसेज भी मुहैया कराती है। इसका कारोबार MMR (मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन), कर्नाटक और तमिलनाडु, राजस्थान, पंजाब और अरुणाचल प्रदेश में फैला हुआ है। सितंबर 2024 तक के आंकड़ों के मुताबिक इसका ऑर्डरबुक 1,40,827.44 लाख रुपये का है जिसमें चल रहे और पेंडिंग, दोनों प्रोजेक्ट्स का आंकड़ा शामिल है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2022 में इसे 18.78 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 40.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया लेकिन अगले ही वित्त वर्ष 2024 में यह गिरकर 36.44 करोड़ रुपये पर आ गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 41 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 154.47 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो अप्रैल 2024 में इसे 3.5 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 11.88 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ था।