JNK India IPO Listing: जेएनके इंडिया के शेयरों ने मंगलवार 30 अप्रैल को स्टॉक एक्सचेंजों पर मजबूत शुरुआत की। कंपनी के शेयर 621 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए, जो इसके 415 रुपये के इश्यू प्राइस से करीब 50 फीसदी अधिक है। इसके मतलब है कि इस IPO में पैसा लगाने वाले निवेशकों को लिस्टिंग पर 50 प्रतिशत का मुनाफा मिला है। यह ग्रे मार्केट के अनुमानों से भी अधिक है। लिस्टिंग से पहले JNK इंडिया के शेयर ग्रे मार्केट में 31 फीसदी के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे थे। बता दें कि ग्रे मार्केट, एक अनऑफिशियल प्लेटफॉर्म है, जहां स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग से पहले शेयरों का कारोबार होता है। अधिकतर निवेशक लिस्टिंग प्राइस का एक अंदाजा पाने के लिए ग्रे मार्केट पर नजर रखते हैं।
