Nexus Select Trust IPO: दिग्गज प्राइवेट इक्विटी फर्म ब्लैकस्टोन ग्रुप के निवेश वाली कंपनी नेक्सस सेलेक्ट ट्रस्ट (Nexus Select Trust) के आईपीओ का प्राइस बैंड फिक्स हो गया है। 3200 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में निवेशक 95-100 रुपये के प्राइस बैंड में पैसे लगा सकेंगे। यह इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 9 मई को खुलेगा और 11 मई तक इसमें बोली लगा सकेंगे। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू एक दिन पहले यानी 8 मई को खुलेगा। यह देश का पहला खुदरा रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (REIT) आईपीओ है। ऐसे में मार्केट की निगाहें इस पर निगाहें लगी हुई हैं। इस इश्यू के तहत नए शेयर भी जारी होंगे और ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडों के तहत भी शेयरों की बिक्री होगी।
Nexus Select Trust IPO की डिटेल्स
नेक्सस सेलेक्ट ट्रस्ट के 3200 करोड़ के आईपीओ के तहत 1400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और 1800 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल के तहत बिक्री होगी। इस इश्यू में 9-11 मई के बीच 95-100 रुपये के प्राइस बैंड और 150 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकेंगे। इश्यू का 75 फीसदी क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स और 25 फीसदी हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNI) के लिए आरक्षित है। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 16 मई को फाइनल होगा और फिर बीएसई-एनएसई पर 19 मई को लिस्टिंग है। इश्यू के लिए रजिस्ट्रार केफिन टेक है।
इश्यू के जरिए जुटाए गए 250 करोड़ रुपये का इस्तेमाल देनदारियां चुकाने में होगा। दिसंबर 2022 के आंकड़ों के मुताबिक इसके एसेट एसपीवी (स्पेशल पर्पज वेईकल) पर बैंक का बकाया 4,705.12 करोड़ रुपये है और डेट सिक्योरिटीज का बकाया 126.80 करोड़ रुपये है। वहीं 1050 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कुछ एसेट एसपीवी में हिस्सेदारी खरीदने और डेट सिक्योरिटीज को भुनाने में किया जाएगा। कंपनी ने ओलाइव कॉमर्शियस कंपनी के नेक्सस इंदौर सेंट्रल में 30 फीसदी और डब्ल्यूआरपीएल की 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के साथ-साथ डब्ल्यूआरपीएल की तरफ से जारी डेट सिक्योरिटीज को भुनाने का प्रस्ताव रखा है।
क्या है इस आईपीओ में स्पेशल
स्टॉक एक्सचेंजों में इस समय तीन REIT लिस्टेड हैं। ये हैं- एंबेसी ऑफिस पार्क आरईआईटी,, माइंडस्पेस बिजनेस पार्क आरईआईटी और ब्रुकफील्ड इंडिया रियल एस्टेट ट्रस्ट। हालांकि ये सभी लीज पर ली गई ऑफिसों की संपत्ति हैं। वहीं दूसरी तरफ नेक्सस सिलेक्ट ट्रस्ट देश में पहला आरईआईटी होगा जिसके पास किराए वाली खुदरा रियल एस्टेट संपत्ति होगी।
Nexus Select Trust के बारे में डिटेल्स
यह देश का सबसे बड़ा माल प्लेटफॉर्म है। इसे देश के 14 अहम शहरों में घनी आबादी वाले आवासीय इलाकों में टॉप क्वालिटी के 17 एसेट्स हैं। इसमें दिल्ली का सेलेक्ट सिटीवाक, नवी मुंबई का नेक्सस सीवुड्स, बेंगलूरु का नेक्सस कोरमांगला, चंडीगढ़ का नेक्सस एलांटे और अहमदाबाद का नेक्सस अहमदाबाद वन शामिल है। यहां 1000 से अधिक देशी-विदेशी ब्रांड्स करीब 3000 स्टोर्स में अपने प्रोडक्ट्स की बिक्री करते हैं जिसमें एपल, जारा, एचएंडएम, सेफोरा, सुपरड्राई, शॉपर्स स्टॉप, स्टारबक्स, मैकडी शामिल हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2022 में इसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 906.98 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,318.21 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं इसका नेट लॉस भी इस अवधि में 199.11 करोड़ रुपये से घटक 10.95 करोड़ रुपये पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2022 में इसका रेवेन्यू 1,463.15 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 257 करोड़ रुपये रहा।