पावर सॉल्यूशंस देने वाली पावरिका लिमिटेड का 1100 करोड़ रुपये का IPO 24 मार्च को खुलने जा रहा है। इसके लिए प्राइस बैंड 375-395 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। लॉट साइज 37 शेयर है। इस पब्लिक इश्यू में 27 मार्च तक निवेश किया जा सकेगा। एंकर निवेशक 23 मार्च को बोली लगा सकेंगे। IPO में 700 करोड़ रुपये के 1.77 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। साथ ही 400 करोड़ रुपये के 1.01 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहेगा। इश्यू क्लोज होने के बाद अलॉटमेंट 30 मार्च को फाइनल होगा। शेयरों की लिस्टिंग BSE, NSE पर 2 अप्रैल को हो सकती है।
कंपनी डीजल जनरेटर सेट में विशेषज्ञता रखती है। यह विंड पावर बिजनेस में भी है। पावरिका के प्रमोटर नरेश चंदर ओबेरॉय, भारत ओबेरॉय, रेनू नरेश ओबेरॉय, जय राम ओबेरॉय, नरेश ओबेरॉय फैमिली ट्रस्ट, भारत ओबेरॉय फैमिली ट्रस्ट और कबीर एंड किमाया फैमिली प्राइवेट ट्रस्ट हैं।
IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। इश्यू के लिए ICICI Securities Ltd, IIFL Capital, Nuvama Wealth Management बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार MUFG Intime India Pvt.Ltd. है।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
पावरिका लिमिटेड अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों में से 525 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज को कुछ हद तक या पूरी तरह चुकाने के लिए करेगी। बाकी पैसे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए रहेंगे। फरवरी 2026 तक कंपनी पर बैंकों की 1214.25 करोड़ रुपये की उधारी थी।
अप्रैल-सितंबर 2025 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 1,474.87 करोड़ रुपये रही। शुद्ध मुनाफा 134.55 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025 के दौरान पावरिका की कुल इनकम 2,710.93 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 175.83 करोड़ रुपये रहा था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।