Varyaa Creations IPO Listing: वर्या क्रिएशन्स के शेयरों ने मंगलवार 30 अप्रैल को शेयर बाजार में जोरदार एंट्री की। कंपनी के शेयर 90 प्रतिशत के बंपर फायदे के साथ 285 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए। जबकि इसका इश्यू प्राइस 150 रुपये था। वर्या क्रिएशन्स के शेयर BSE के SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुए हैं। यह लिस्टिंग, ग्रे मार्केट के अनुमानों से भी काफी अधिक रही क्योंकि ग्रे मार्केट में यह शेयर लगभग बिना प्रीमियम के सपाट कारोबार कर रहे थे। बता दें कि ग्रे मार्केट, एक अनऑफिशियल प्लेटफॉर्म है, जहां स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग से पहले शेयरों का कारोबार होता है। अधिकतर निवेशक लिस्टिंग प्राइस का एक अंदाजा पाने के लिए ग्रे मार्केट पर नजर रखते हैं। हालांकि, इस बात की गारंटी नहीं है कि ग्रे मार्केट का अनुमान सही साबित हो।
