Lok Sabha Elections 2024: ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और बीजू जनता दल (BJD) अकेले ही लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। BJP और राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (BJD) के बीच गठबंधन की संभावनाएं शुक्रवार (22 मार्च) को उस समय लगभग खत्म हो गईं, जब केंद्र की सत्ताधारी पार्टी ने आगामी लोकसभा और राज्य विधानसभा के चुनावों में सभी सीट पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। पिछले कुछ दिनों मसे दोनों दलों में गठबंधन को लेकर विभिन्न स्तरों पर बातचीत हो रही थी।
BJP की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने X पर एक पोस्ट में कहा, "4.5 करोड़ ओडिशावासियों की आशा, अभिलाषा और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत तथा विकसित ओडिशा बनाने के लिए BJP इस बार लोकसभा की सभी 21 और विधानसभा की सभी 147 सीट पर अकेले चुनाव लड़ेगी।" बता दें कि ओडिशा में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी होंगे।
सामल ने कहा कि देश भर में जहां भी 'डबल इंजन' की सरकार रही है, वहां विकास एवं गरीब कल्याण के कार्यों में तेजी आई है और राज्य हर क्षेत्र में आगे बढे हैं। उन्होंने कहा, "लेकिन आज ओडिशा में मोदी सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाएं जमीन पर नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे ओडिशा के गरीब बहनों-भाइयों को उनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।" उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा, "ओडिशा-अस्मिता, ओडिशा गौरव और ओडिशा के लोगों के हित से जुड़े अनेक विषयों पर हमारी चिंताएं हैं।"
केंद्र में समर्थन के लिए जताया आभार
सामल ने BJD की ओर से केंद्र सरकार के अनेक राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर समर्थन देने के लिए प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी के प्रति आभार व्यक्त किया। BJD के साथ BJP के गठबंधन को लेकर चल रही बातचीत के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हाल ही में कहा था कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा इस पर अंतिम निर्णय लेंगे। शाह ने कहा था, "हमने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। हमारी पार्टी के अध्यक्ष फैसला करेंगे। लेकिन यह निश्चित है कि हम ओडिशा में भारी जीत हासिल करेंगे।" उन्होंने कहा, "अगर हम अकेले लड़ने का फैसला करते हैं तो हम ओडिशा में सरकार बनाने के लिए लड़ेंगे।"
राज्य की 21 लोकसभा सीट और 147 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक साथ चुनाव से पहले राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी और मुख्य विपक्षी पार्टी BJP के बीच गठबंधन को लेकर कई हफ्तों से अटकलें लगाई जा रही थीं। इन अटकलों को उस समय और बल मिला था, जब ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी माने जाने वाले वीके पांडियन ने कहा था कि चुनाव जीतने के लिए BJP और BJD को एक-दूसरे की जरूरत नहीं है।
हालांकि उन्होंने इसके साथ ही यह भी कहा कि लेकिन कुछ चीजें राजनीति से परे होती हैं और प्रधानमंत्री मोदी तथा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक 'बड़े मकसद' के लिए एक साथ आना चाहते हैं। BJP और BJD 1998 से 2009 तक गठबंधन में रहे। पिछले एक दशक से अधिक समय में BJP ने राज्य में कांग्रेस को पूरी तरह खत्म कर दिया और मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है।