'जनता BJP को 370 और NDA को 400 पार सीटें देगी', लोकसभा चुनाव से पहले PM मोदी का दावा, बोले- 'दर्शक दीर्घा में बैठेगी कांग्रेस'

Budget Session 2024: अगले चुनाव के बाद कांग्रेस के दर्शक दीर्घा तक सिमटने का दावा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को लोकसभा में आरोप लगाया कि वह विपक्ष के रूप में अपना दायित्व निभाने में बुरी तरह विफल रही एवं उसने दूसरे विपक्षी दलों को उभरने का मौका नहीं दिया। उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कहा कि आज विपक्ष की जो हालत है उसकी सबसे ज्यादा दोषी कांग्रेस है

अपडेटेड Feb 05, 2024 पर 7:08 PM
Story continues below Advertisement
कांग्रेस पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं विपक्ष के संकल्प की सराहना करता हूं

Budget Session 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। अगले लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के दर्शक दीर्घा तक सिमटने का दावा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में आरोप लगाया कि वह विपक्ष के रूप में अपना दायित्व निभाने में बुरी तरह विफल रही एवं उसने दूसरे विपक्षी दलों को उभरने का मौका नहीं दिया। इस दौरान उन्होंने कहा, "आप जिस ऊंचाई पर हैं, उससे अधिक ऊंचाई पर पहुंचेंगे। अगले चुनाव के बाद आप दर्शक दीर्घा में बैठेंगे।"

पीएम मोदी ने कहा कि संसद के इस नए भवन में जब राष्ट्रपति हमें संबोधित करने आई और जिस गौरव और सम्मान के साथ सेंगोल और पूरे जुलूस का नेतृत्व किया, हम सब उनके पीछे-पीछे चल रहे थे। नए सदन में ये नई परंपरा भारत के आजादी के उस पवित्र पल का प्रतिबिंब जब साक्षी बनता है तो लोकतंत्र की गरिमा कई गुना ऊपर चली जाती है। बता दें कि मौजूद लोकसभा में यह उनका संभवत: अंतिम संबोधन हो सकता है, क्योंकि आम चुनाव अप्रैल-मई में होंगे।

कांग्रेस पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मैं विपक्ष के संकल्प की सराहना करता हूं। उनके भाषण के एक-एक बात से मेरा और देश का विश्वास पक्का हो गया है कि इन्होंने लंबे अरसे तक वहां (विपक्ष में) रहने का संकल्प ले लिया है...आपलोग जिस तरह इन दिनों मेहनत कर रहे हैं, मैं पक्का मानता हूं जनता जनार्दन आपको जरूर आशीर्वाद देगी और आप जिस ऊंचाई पर है उससे भी अधिक ऊंचाई पर पहुंचेंगे और अगले चुनाव में दर्शक दीर्घा में दिखेंगे।"


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "वे विपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे...मैंने हमेशा कहा है कि देश को एक अच्छे विपक्ष की जरूरत है।" प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं देख रहा हूं कि आपमें (विपक्ष) से बहुत लोग चुनाव लड़ने का हौसला भी खो चुके हैं। मैंने सुना है बहुत लोग सीट बदलने की फिराक में हैं। बहुत लोग लोकसभा के बदले अब राज्यसभा में जाना चाहते हैं।" पीएम मोदी ने कहा, ''वे (विपक्ष) विपक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे...मैंने हमेशा कहा है कि देश को एक अच्छे विपक्ष की जरूरत है।"

PM मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा, "...राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में देश की नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब और हमारे किसान, मछुआरों की चर्चा की है... क्या जब देश के युवा की बात होती है तो सभी वर्ग के युवाओं की बात नहीं होती? क्या जब महिलाओं की बात होती है तो देश की सभी महिलाएं उसमें नहीं आती? कब तक टूकड़ो में सोचते रहेंगे? कब तक समाज को बांटते रहेंगे?"

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कांग्रेस को एक अच्छा विपक्ष बनने का बहुत बड़ा अवसर मिला और 10 साल कम नहीं होते। लेकिन 10 साल में उस दायित्व को निभाने में भी वे पूरी तरह विफल रहे। जब वे खुद विफल हो गए तो विपक्ष में और भी होनहार लोग हैं उन्हें भी उभरने नहीं दिया..एक ही प्रोडक्ट बार-बार लॉन्च करने के चक्कर में कांग्रेस की दुकान पर ताला लगाने की नौबत आ गई है।"

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे शासन के 10 वर्षों के अनुभव के आधार पर आज की मजबूत अर्थव्यवस्था और आज भारत जिस तीव्र गति से प्रगति कर रहा है, उसे देखते हुए मैं विश्वास से कहता हूं कि हमारे तीसरे कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होगा। ये मोदी की गारंटी है।

परिवारवाद पर विपक्ष को जवाब

PM मोदी ने कहा, "हम किस परिवारवाद की चर्चा करते हैं। अगर किसी परिवार में अपने बलबूते पर जनसमर्थन से एक से अधिक लोग अगर राजनीतिक क्षेत्र में प्रगति करते हैं तो उसको हमने कभी परिवारवाद नहीं कहा। हम उस परिवारवाद की चर्चा करते जो पार्टी परिवार चलाती है। जो पार्टी परिवार के लोगों को प्राथमिकता देती है। जिस पार्टी के सारे निर्णय परिवार के लोग की करते हैं। वे परिवारवाद है। राजनाथ सिंह और अमित शाह की कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है। इसलिए जहां एक परिवार को पार्टियां लिखी जाती है वे लोकतंत्र में उचित नहीं है। एक परिवार के 10 लोग राजनीति में आए कुछ बुरा नहीं है।"

उन्होंने कहा कि हमारे लक्ष्य कितने बड़े होते हैं, हमारे हौसले कितने बड़े होते हैं वह आज पूरी दुनिया देख रही है। हमारे उत्तर प्रदेश में कहावत कही जाती है '9 दिन चले ढाई कोस' और यह कहावत पूरी तरह कांग्रेस पार्टी को परिभाषित करती है। कांग्रेस की सुस्त रफ्तार का कोई मुकाबला नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि हमने गरीबों के लिए 4 करोड़ घर बनाए। शहरी गरीबों के लिए हमने 80 लाख पक्के मकान बनाए। अगर ये कांग्रेस की गति से बने होते... तो इस काम को करने में 100 साल लग जाते। तब तक पांच पीढ़ियां गुजर जाती।

'जनता BJP को 370 और NDA को 400 से अधिक सीटें देगी'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए संसद में दावा किया कि इस बार जनता BJP को 370 और NDA को 400 से अधिक सीटें देगी। पीएम मोदी ने कहा कि देश के मिजाज को देखकर ऐसा लगता है कि वह बीजेपी को 370 सीटें अवश्य देगा, जबकि NDA को 400 से अधिक सीटें मिलेंगी। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश के सामर्थ्य पर कभी विश्वास नहीं किया। वे अपने आप को शासक मानते रहे और जनता को कमतर आंकते रहे।

PM मोदी ने कहा कि 15 अगस्त को लाल किले से प्रधानमंत्री नेहरू ने कहा था कि "हिंदुस्तान में काफी मेहनत करने की आदत आमतौर पर नहीं है। हम इतना काम नहीं करते जितना विदेशी देशों के लोग करते हैं। यह ना समझिए वे देश कोई जादू से खुशहाल हो गए हैं वे अक्ल और मेहनत से खुशहाल हुए हैं"। नेहरू जी कि भारतीयों के प्रति सोच थी की भारतीय कम अक्ल के लोग होते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "जिन उपलब्धियों का देश लंबे समय से इंतजार कर रहा था वे सारे काम हमने दूसरे कार्यकाल में पूरे होते देखे। हम सबने 370 खत्म होते देखा... नारी शक्ति वंदन अधिनियम दूसरे कार्यकाल में कानून बना। अंतरिक्ष से लेकर ओलम्पिक तक, सशस्त्र बलों से संसद तक नारी शक्ति के सामर्थ्य की गूंज उठ रही है।"

'तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसले लेने वाला होगा'

PM मोदी ने कहा कि हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल अब ज्यादा दूर नहीं है। सिर्फ 100-125 दिन बाकी हैं... मैं संख्याओं पर नहीं जाता लेकिन मैं देश का मूड देख सकता हूं। इससे NDA 400 के पार पहुंच जाएगी और BJP को 370 सीटें जरूर मिलेंगी...तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसले लेने वाला होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और यूपीए सरकार ने OBC के साथ न्याय नहीं किया। कुछ दिन पहले ही कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। 1970 में जब वे बिहार के मुख्यमंत्री बने तो उनकी सरकार को अस्थिर करने के लिए क्या-क्या नहीं किया गया। कांग्रेस OBC को बर्दाश्त नहीं कर सकती...वे गिनती करते रहते हैं कि सरकार में कितने OBC हैं। क्या आप (कांग्रेस) यहां सबसे बड़ा OBC नहीं देख सकते?

किसानों और महंगाई पर विपक्ष को घेरा

पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस के समय में किसानों के लिए कुल बजट होता था 25,000 करोड़ हमारे समय में किसानों के लिए 1.25 लाख करोड़ रूपये का बजट किसानों के लिए है। कांग्रेस ने अपने 10 साल के कार्यकाल में 7 लाख करोड़ का धान और गेहूं किसानों से खरीदा था। हमने 10 सालों में करीब 18 लाख करोड़ का धान और गेहूं किसानो से खरीदा है। कांग्रेस सरकार में दलहन और तिलहन की खरीदी नाम मात्र कभी की हो तो की हो। हमने 1.25 लाख करोड़ रुपए से अधिक का दलहन और तिलहन खरीदा है।"

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमारे देश में महंगाई पर दो गाने सुपरहिट हुए- 'मेहंगाई मार गई' और 'मेहंगाई डायन खाये जात है'। ये दोनों गाने कांग्रेस के शासनकाल में आए। UPA के कार्यकाल में महंगाई डबल डिजिट में थी, इसे नकार नहीं सकते। उसपर उनकी सरकार का तर्क क्या था? असंवेदनशीलता। यह कहा गया था कि महंगी आइसक्रीम खा सकते हो तो महंगाई का रोना क्यों रोते हो?"

उन्होंने कहा, "इतिहास गवाह है जब भी कांग्रेस आती है महंगाई आती है... कभी कहा गया था कि 'हर चीज़ की कीमत बढ़ जाने की वजह से मुसीबत फैली है, आम जनता उनमें फंसी है।' यह नेहरू जी ने लाल किले से कहा था... 10 साल बाद भी महंगाई के यही गीत कहे गए थे... देश का PM रहते उन्हें 12 साल हो गए थे लेकिन हर बार महंगाई काबू में नहीं आ रही है, महंगाई के कारण आपको मुसीबत हो रही है इसी के गीत गाते रहे थे।"

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Feb 05, 2024 5:33 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।