Adani Group Stocks: अदाणी ग्रुप (Adani Group) के शेयरों में आज जमकर खरीदारी हो रही है। ग्रुप की 10 में से छह कंपनियों के शेयर तो अपर सर्किट पर पहुंच गए हैं। वहीं बाकी चार कंपनियों के स्टॉक्स में भी अच्छी तेजी है। अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च (Hindenburg Research) की रिपोर्ट के चलते झटकों से जूझ रहे अदाणी ग्रुप को अमेरिकी निवेशक फर्मों से बड़ा सहारा मिला है। अमेरिकी इनवेस्टमेंट कंपनी GQG Partners ने अदाणी ग्रुप की कंपनियों में 187 करोड़ डॉलर (15446 करोड़ रुपये) का भारी निवेश किया है। वहीं गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) ने भी 1135 करोड़ रुपये की बड़ी ब्लॉक डील की। इन दोनों ही ब्लॉक डील का असर आज ग्रुप की कंपनियों के शेयरों पर दिख रहा है।
Adani Group Stocks की क्या है स्थिति
अदाणी पॉवर (Adani Power) 169.45 रुपये, अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) 743.75 रुपये, अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) 562 रुपये, अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas) 781.85 रुपये, अदाणी विल्मर (Adani Wilmar) 418.30 रुपये और एनडीटीवी (NDTV) 220.10 रुपये के भाव पर हैं। ये सभी स्टॉक्स 5 फीसदी की तेजी के साथ अपर सर्किट पर हैं यानी कि इनके कोई सेलर्स आज मार्केट में नहीं हैं।
ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) 10.20 फीसदी के उछाल के साथ बीएसई पर 1770.60 रुपये, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (Adani Ports and Special Economic Zone) 6.19 फीसदी की तेजी के साथ 661.80 रुपये, एसीसी (ACC) 3.26 फीसदी के उछाल के साथ 1860.75 रुपये और अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) 3.61 फीसदी मजबूत होकर 384.25 रुपये के भाव पर ट्रेड हो रहा है।
किन कंपनियों में निवेश किया Goldman Sachs और GQG Partners ने
अदाणी ग्रुप की कंपनियों में भारी ब्लॉक डील के चलते शेयर आज तेजी से उछल रहे हैं, ऐसे में सवाल उठता है कि गोल्डमैन सैक्स और जीक्यूजी पार्टनर्स ने किन कंपनियों में पैसे लगाए हैं। गोल्डमैन सैक्स ने 504.60 रुपये के भाव पर अदाणी ग्रीन एनर्जी के 2,25,22,850 करोड़ शेयर खरीदे हैं यानी कि करीब 1135 करोड़ रुपये का निवेश किया। वहीं जीक्यूजी पार्टनर्स की बात करें तो इसने ग्रुप की चार कंपनियों में 15446 करोड़ रुपये डाले हैं जिसमें से 5460 करोड़ रुपये अदाणी एंटरप्राइजेज में, 5282 करोड़ रुपये अदाणी पोर्ट्स में, 1898 करोड़ रुपये अदाणी ट्रांसमिशन में और 2806 करोड़ रुपये अदाणी ग्रीन एनर्जी में निवेश है।