Bharti Airtel: 5G सेवाएं लॉन्च होने से पहले रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे भारती एयरटेल के शेयर, 6% तक की आई तेजी

Bharti Airtel के शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब PM मोदी कल 1 अक्टूबर को भारत में 5जी सेवाओं (5G services) की शुरुआत करने वाले हैं

अपडेटेड Sep 30, 2022 पर 5:00 PM
Story continues below Advertisement
पिछले एक महीने में एयरटेल का शेयर करीब 8.78% फीसदी मजबूत हुआ है

टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल लिमिटेड के शेयरों (Bharti Airtel Shares) में शुक्रवार 30 सितंबर को दिन के कारोबार के दौरान करीब 6 फीसदी की तेजी आई और यह NSE पर 809.00 रुपये के अपने पिछले एक साल के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। एयरटेल के शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब प्रधानमंत्री मोदी कल यानी 1 अक्टूबर को भारत में 5जी सेवाओं (5G services) की शुरुआत करने वाले हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक, पीएम मोदी कल देश के चुनिंदा शहरों में 5G सेवाओं की शुरुआत करेंगे और अगले कुछ सालों में क्रमिक रूप से पूरे देश में इसका विस्तार किया जाएगा। 5G स्पेक्ट्रम की नीलामी में भारती एयरटेल ने 43,039.63 करोड़ रुपये की सफल बोली लगाई थी।

कारोबार खत्म होते समय, एयरटेल के शेयर एनएसई पर 4.57% बढ़कर 799.60 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक महीने में एयरटेल का शेयर करीब 8.78% फीसदी मजबूत हुआ है। वहीं साल 2022 की शुरुआत से इसने अब तक अपने निवेशकों को करीब 15.67% फीसदी का रिटर्न दिया है।


SingTel से वापस खरीदी 1.59% हिस्सेदारी

सिंगापुर टेलीकम्युनिकेशंस लिमिटेड (SingTel) की यूनिट पास्टेल लिमिटेड (Pastel Ltd) की भारती एयरटेल में अपनी 1.59% हिस्सेदारी बीते 22 सितंबर को 7261 करोड़ रुपए में बेच दिया। भारती एयरटेल की प्रमोटर कंपनी भारती टेलीकॉम लिमिटेड ने यह हिस्सेदारी खरीदी है। Pastel ने भारती एयरटेल के 9,40,00,000 शेयर यानी 1.59% हिस्सेदारी 772.5 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से बेचे हैं।

यह भी पढ़ें- Adani Group के इस शेयर में 20% तक की तेजी, ब्लॉक डील की खबर से स्टॉक खरीदने के लिए टूट पड़े इनवेस्टर

इस ट्रांजैक्शन के बाद भारती एयरटेल में Pastel की शेयरहोल्डिंग 12.21% से घटकर 10.62% पर आ गई है। जून तिमाही के अंत तक Pastel के पास भारती एयरटेल की 13.84% हिस्सेदारी थी। इसके साथ ही भारती ग्रुप के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल परिवार और Singtel की भारती एयरटेल में हिस्सेदारी है।

एक्सपर्ट्स की क्या है स्टॉक पर राय?

ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधार ने इस महीने की शुरुआत में जारी एक रिपोर्ट में भारती एयरटेल के शेयरों को बाय रेटिंग दी और इसके लिए 1032 रुपये का टारगेट प्राइस दिया। यह कंपनी के मौजूदा बाजार भाव से करीब 30 फीसदी अधिक है।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।