Dalal Street Week Ahead: थोक महंगाई, तेल की कीमत, कंपनियों के Q2 नतीजों समेत इन अहम फैक्टर्स से तय होगी बाजार की चाल

बीते सप्ताह में Nifty50 लगभग 100 अंक चढ़कर 19,751 पर और BSE Sensex 287 अंक बढ़कर 66,283 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 सूचकांकों में भी लगभग आधा प्रतिशत की तेजी आई। आने वाले सप्ताह में भारत के सितंबर के थोक महंगाई आंकड़े जारी होने वाले हैं, इसके अलावा कई कंपनियों के तिमाही नतीजे भी सामने आएंगे

अपडेटेड Oct 15, 2023 पर 9:59 AM
ब्रेंट क्रूड वायदा गुजरे सप्ताह के दौरान 7.5 प्रतिशत बढ़कर 90.89 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

गुजरे सप्ताह में शेयर बाजार (Stock Markets) की तेजी लौटी और आधा प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। सितंबर 2023 तिमाही में कंपनियों की आय के लिए सकारात्मक उम्मीदें, खुदरा महंगाई में गिरावट, और औद्योगिक उत्पादन के उम्मीद से अधिक अच्छे आंकड़े अमेरिकी महंगाई, जियोपॉलिटिकल टेंशन के चलते पैदा हुईं चिंताओं को दूर करने में कामयाब रहे। बीते सप्ताह में निफ्टी50 लगभग 100 अंक चढ़कर 19,751 पर और बीएसई सेंसेक्स 287 अंक बढ़कर 66,283 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 सूचकांकों में भी लगभग आधा प्रतिशत की तेजी आई। टेक्नोलॉजी और पीएसयू बैंकों को छोड़कर अधिकांश सेक्टर हरे निशान में बंद हुए, जिनमें रियल्टी और ऑटो क्रमशः 4 प्रतिशत और 3 प्रतिशत की तेजी के साथ सबसे अधिक लाभ में रहे। आने वाले सप्ताह में भारत के सितंबर के थोक महंगाई आंकड़े जारी होने वाले हैं, इसके अलावा कई कंपनियों के तिमाही नतीजे भी सामने आएंगे। इनके अलावा और कौन से अहम फैक्टर्स नए सप्ताह में शेयर बाजार की चाल तय करेंगे, आइए डालते हैं एक नजर...

किन कंपनियों के आने वाले हैं वित्तीय नतीजे

भारतीय कंपनियों की ओर से जुलाई-सितंबर 2023 तिमाही के लिए वित्तीय नतीजे जारी किया जाना जारी है। अगले सप्ताह भी कई कंपनियों के नतीजे जारी होने वाले हैं, जैसे कि एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, बजाज ऑटो, इंडसइंड बैंक, विप्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, नेस्ले इंडिया, एलटीआईमाइंडट्री, अल्ट्राटेक सीमेंट, जेएसडब्ल्यू स्टील, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक। निफ्टी50 में 40 प्रतिशत वेटेज रखने वाली इन कंपनियों के तिमाही नतीजों पर निवेशकों की खास नजर रहेगी।


इसके अलावा जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, बंधन बैंक, फेडरल बैंक, आईडीबीआई बैंक, आरबीएल बैंक, यस बैंक, पेटीएम, सिएट, साइएंट डीएलएम, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, यात्रा ऑनलाइन, हैप्पीएस्ट माइंड्स, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस, आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस, एलएंडटी टेक्नोलॉजी, सिंजीन इंटरनेशनल, टाटा एलेक्सी, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज, कॉफोर्ज, पीवीआर आईनॉक्स, वोल्टास, सीएसबी बैंक, जेएसडब्ल्यू एनर्जी और एलएंडटी फाइनेंस होल्डिंग्स भी अगले सप्ताह सितंबर तिमाही के नतीजे पेश करेंगे।

इजराइल-हमास युद्ध

कॉर्पोरेट कमाई के अलावा निवेशकों की नजर इजराइल-हमास युद्ध पर भी रहेगी। यह लड़ाई 7 अक्टूबर से चल रही है। हमास आतंकवादियों के हमले में हजारों इजराइलियों और विदेशियों की मौत हो चुकी है। जवाबी कार्रवाई में इजराइल की ओर से गाजा में किए गए हमले में भी कई लोग मारे जा चुके हैं। युद्ध बढ़ता दिख रहा है क्योंकि गंभीर हमले की तैयारी से पहले इजराइली सेना ने चेतावनी जारी कर उत्तरी गाजा के 10 लाख से अधिक निवासियों को दक्षिणी गाजा में शिफ्ट होने के लिए कहा है। दोनों पक्षों की ओर से मरने वालों की संख्या 3,500 से अधिक हो गई।

तेल की कीमतें

इजराइल-हमास संघर्ष का असर तेल की कीमतों पर भी देखने को मिला है। कच्चे तेल के भाव में वृद्धि हो रही है और यह जंग भी इसके कारणों में से एक है। इस संघर्ष से मध्य पूर्व में तेल उत्पादन और सप्लाई प्रभावित होने की चिंता पैदा हो गई है। हालांकि अभी तक युद्ध का असर तेल की फिजिकल सप्लाई पर नहीं ​पड़ा है। इसके अलावा, जी-7 तेल मूल्य सीमा के उल्लंघन के कारण अमेरिका की ओर से रूसी कच्चे तेल के एक्सपोर्ट के खिलाफ प्रतिबंधों को कड़ा करने की खबर ने भी तेल की कीमतों में तेजी को बढ़ावा दिया। विशेषज्ञों का मानना है कि जियोपॉलिटिकल टेंशन के बीच तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।

ब्रेंट क्रूड वायदा गुजरे सप्ताह के दौरान 7.5 प्रतिशत बढ़कर 90.89 डॉलर प्रति बैरल हो गया, जिससे तकनीकी रूप से वीकली स्केल पर एक बुलिश हरामी प्रकार का पैटर्न बन गया। यह एक बुलिश रिवर्सल पैटर्न है। इसलिए अगर कोई तेजी आती है तो मार्केट पार्टिसिपेंट्स उस पर कड़ी नजर रखेंगे, क्योंकि कीमतों में कोई भी बढ़ोतरी भारत जैसे तेल इंपोर्टर्स के लिए एक बड़ी चिंता है।

Q2 में भारतीय कंपनियों के रेवेन्यु में दिखेगी 8-10% की ग्रोथ, प्रॉफिट मार्जिन भी बढ़ेगा: क्रिसिल

FII फ्लो

बढ़ी हुई अमेरिकी बॉन्ड यील्ड ने FII फ्लो को प्रभावित करना जारी रखा हुआ है। FII लगातार तीसरे महीने भारत में नेट सेलर बने रहे। एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में सेलिंग कम हो सकती है, लेकिन अगर इजराइल-हमास युद्ध के कारण तेल की कीमतें बढ़ती हैं तो आगे भी सेलिंग से इनकार नहीं किया जा सकता है। FII ने पिछले सप्ताह कैश सेगमेंट में 2,200 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जिससे चालू माह का कुल आउटफ्लो 10,600 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि डॉमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स ने महीने के दौरान लगभग 8,400 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर काफी हद तक इसकी भरपाई करने में कामयाबी हासिल की।

फेडरल रिजर्व के चेयरमैन की स्पीच

19 अक्टूबर को अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल की टिप्पणियों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। इसके अलावा अगले सप्ताह कई फेड अधिकारियों का भाषण भी फोकस में रहेगा। सितंबर में अमेरिकी खुदरा महंगाई 3.7 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो कि अनुमान से ज्यादा है। 10-वर्षीय अमेरिकी बॉन्ड यील्ड सप्ताह-दर-सप्ताह आधार पर 4.8 प्रतिशत से कम होकर 4.63 प्रतिशत पर आ गई, लेकिन महीने-दर-महीने आधार पर 4.26 प्रतिशत से अधिक पर है। अमेरिकी डॉलर इंडेक्स सप्ताह-दर-सप्ताह आधार पर 106.04 से बढ़कर शुक्रवार को 106.67 पर बंद हुआ।

ग्लोबल इकोनॉमिक डेटा

अगले माह के प्रमुख ग्लोबल इकोनॉमिक डेटा पॉइंट्स इस तरह हैं...

Image214102023

डॉमेस्टिक इकोनॉमिक डेटा

डॉमेस्टिक इकोनॉमिक डेटा की बात करें तो अगले सप्ताह 16 अक्टूबर को सितंबर के लिए थोक महंगाई के आंकड़े जारी होंगे। अनुमान है कि यह 0.7 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। इसके अलावा, 6 अक्टूबर को समाप्त 15 दिनों की अवधि के लिए बैंक ऋण और जमा वृद्धि के आंकड़े और 20 अक्टूबर को 13 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के लिए विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़े जारी किए जाएंगे।

IPO

अगले सप्ताह कई IPO प्राइमरी मार्केट में दस्तक देंगे। गुजरात स्थित गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी IRM एनर्जी अपना 545 करोड़ रुपये का आईपीओ 18 अक्टूबर को खोलेगी और 20 अक्टूबर को बंद करेगी। इसके लिए प्राइस बैंड 480-505 रुपये प्रति शेयर होगा। SME सेगमेंट में ऑनलाइन रिटेलर वुमनकार्ट 16-18 अक्टूबर के दौरान अपना 9.56 करोड़ रुपये का IPO ला रही है। इसके लिए प्राइस बैंड 86 रुपये प्रति शेयर पर फिक्स है। इसके बाद राजगोर कैस्टर डेरिवेटिव्स अपना 48 करोड़ रुपये का IPO 17 अक्टूबर को खोलेगी, जिसके लिए प्राइस बैंड प्रति शेयर 47-50 रुपये है। यह ऑफर 20 अक्टूबर को बंद हो जाएगा।

इसके अलावा अरविंद एंड कंपनी शिपिंग एजेंसीज 16 अक्टूबर को अपना IPO बंद करेगी, जो अब तक 36.72 गुना सब्सक्राइब किया जा चुका है। जहां तक लिस्टिंग की बात है तो IPO शेड्यूल के अनुसार, कमिटेड कार्गो केयर 18 अक्टूबर को एनएसई इमर्ज पर अपनी शुरुआत करेगी।

टेक्निकल व्यू

तकनीकी रूप से निफ्टी50 ने पिछले सप्ताह के हैमर पैटर्न के बाद वीकली स्केल पर एक प्रमुख अपर शैडो के साथ एक बुलिश कैंडलिस्टिक पैटर्न बनाया है, जो संभावित ऊपर की ओर रैली को कन्फर्म करता है। डेली चार्ट पर इंडेक्स 20-डे और 50-डे ईएमए (एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज) से ऊपर है। मोमेंटम इंडीकेटर RSI (रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स) वीकली चार्ट पर 60 से ऊपर रहा, जो पॉजिटिविटी का संकेत देता है।

इसलिए अगर निफ्टी50, 20-डे ईएमए (19,690) से ऊपर बना रहता है और प्रमुख क्षेत्रों (बैंक और आईटी) से सपोर्ट मिलता है तो पिछले सप्ताह का अपर रेजिस्टेंस 19,850, आने वाले सप्ताह में 19,500 पर इमीडिएट सपोर्ट और 19,300 पर क्रूशियल सपोर्ट के साथ क्लियर हो सकता है। लेकिन तब तक यह 19,300-19,850 के स्तर के दायरे में रह सकता है।

National Cinema Day: ₹99 में मूवी टिकट का जमकर ​लिया गया फायदा, ₹18 करोड़ तक की हुई कमाई

कॉरपोरेट एक्शन

अगले सप्ताह के अहम कॉरपोरेट एक्शंस इस तरह हैं...

Image114102023

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।