Defence Stocks: भारतीय डिफेंस कंपनियों के शेयरों में आज 10 अप्रैल को भारी तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान डिफेंस सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के स्टॉक्स 16% तक उछल गए। निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स भी कारोबार के दौरान करीब 1.4% तक चढ़ गया। इंडेक्स में शामिल 19 में से 17 शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। यह लगातार सातवां दिन है, जब यह इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहा है। इस दौरान इसमें 14 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आ चुकी है।
डिफेंस शेयरों में शुक्रवार को सबसे अधिक तेजी एक्वस (Aequs) के शेयरों में देखने को मिली। कारोबार के दौरान यह 16 प्रतिशत तक उछल गया। इसके अलावा भारत फोर्ज (Bharat Forge) और डायनामैटिक टेक्नोलॉजीज (Dynamatic Technologies) के शेयरों में भी क्रमशः 3.43% और 2.9% की बढ़त दर्ज की गई।
वहीं, प्रमुख डिफेंस कंपनियों में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL), मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स और पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज के शेयर भी 1 से 2 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।
ब्रोकरेज फर्म JM फाइनेंशयिल के मुताबिक, HAL के शेयरों में मौजूदा स्तर पर निवेशकों के लिए बेहतर रिस्क-रिटर्न का मौका है। पिछले छह महीनों में यह स्टॉक करीब 22 प्रतिशत गिरा है, जबकि इस दौरान निफ्टी इंडेक्स में केवल 8 प्रतिशत की गिरावट आई।
ब्रोकरेज ने HAL के शेयर के लिए 4,875 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 21 प्रतिशत की संभावित तेजी का संकेत देता है। इसके अलावा, अगले 6 से 7 सालों में एयर डिफेंस सेगमेंट में करीब 9 लाख करोड़ रुपये के बड़े ऑर्डर अवसर मिलने की उम्मीद जताई गई है।
इस बीच भारतीय शेयर बाजारों में भी इस हफ्ते शानदार तेजी देखने को मिली है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स इस दौरान 5 प्रतिशत से भी अधिक उछल चुके हैं। निवेशकों को अमेरिका और ईरान के बीच बने अस्थायी युद्धविराम के ऐलान से राहत मिली है, जिससे बाजार में जोखिम लेने की भावना मजबूत हुई है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।