भारत के वार मेमोरियल का दशकों का इंतजार खत्म हुआ। दिल्ली के इंडिया गेट के पास नेश्नल वार मेमोरियल ने आकार ले लिया। 40 एकड़ में फैला ये स्मारक 176 करोड़ की लागत से बना है। इसमें आजादी के बाद से कई लड़ाइयों में शहीद होने वाले 22,600 से अधिक सैनिकों के नाम अंकित हैं।
स्मारक के डिजाइन में सैनिक के जन्म से लेकर शहादत तक का जिक्र है। ऐसी गैलरी भी है जहां दीवारों पर सैनिकों की बहादुरी को प्रदर्शित किया गया है। ये स्मारक उन बलिदानियों की कहानी है, जिनकी बदौलत हम सुरक्षित हैं। हेक्सागोनल आकार में बने मेमोरियल के केंद्र में 15 मीटर ऊंचा स्मारक स्तंभ बनाया गया है, जिसके नीचे अखंड ज्योति जलती रहेगी।
स्मारक अमर चक्र, वीरता चक्र, त्याग चक्र और रक्षक चक्र जैसे चार चक्रों पर केंद्रित है। बता दें कि 4 बड़े युद्ध और दशकों तक आतंकवाद से लड़ाई में शहीद हुए हजारों जवानों के बलिदान बावजूद भारत में एक भी ऐसा स्मारक नहीं था, जो उनके बलिदान को समर्पित हो। इस स्मारक के साथ ही ये कमी पूरी हो गई है।
