Gold-Silver ETFs: पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने के बीच सोमवार को निवेशकों ने सोने और चांदी की ओर रुख किया। इससे गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज-ट्रेडेड फंडों (ETFs) में जोरदार उछाल देखने को मिला। सोमवार को शुरुआती कारोबार में जहां एक ओर सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 1.5 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर निफ्टी गोल्ड और सिल्वर में 7% तक की तेजी रही। यह बताता है कि निवेश अब शेयर बाजार की जगह सुरक्षित माने जाने वाले निवेश की ओर बढ़ रहे हैं।
सिल्वर ETF में सबसे अधिक उछाल
टाटा सिल्वर ETF 7 परसेंट से अधिक बढ़ा। वहीं ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ETF और SBI सिल्वर ETF दोनों 6 परसेंट से ज्यादा चढ़ गए। निप्पॉन इंडिया सिल्वर ETF भी 6 परसेंट से ज्यादा चढ़ा।
ETFs में तेजी की वजह अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में सोना-चांदी की कीमतों में उछाल रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार को सोना का वायदा भाव करीब 3.15% बढ़कर ₹1,67,217 प्रति 10 ग्राम (24 कैरेट) पर खुला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड शुरुआती कॉमेक्स ट्रेड में 1.86% चढ़कर 5,345.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
वहीं चांदी भी 0.81% की तेजी के साथ 94.045 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिमों के चलते निवेशक जोखिम वाली एसेट्स से पैसा निकालकर सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट और बढ़ती अस्थिरता ने इस ट्रेंड को और मजबूती दी है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि कीमती धातुओं में अस्थिरता बनी रह सकती है। इतिहास बताता है कि युद्ध या बड़े भू-राजनीतिक संकट के दौरान सोना और चांदी, डिफेंसिव निवेश के रूप में बेहतर प्रदर्शन करते हैं। हालांकि, भारतीय रुपया आज शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 91.24 पर मजबूत रहा, जिससे ग्लोबल कीमतों में तेजी का असर कुछ हद तक संतुलित हुआ।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।