Gujarat Gas Share Price : गैस सेक्टर की दिग्गज कंपनी गुजरात गैस (Gujarat Gas) पहली बार PPP (Public-private partnerships) मॉडल के तहत गैस स्टेशन खोलने जा रही है। कंपनी ने ये कदम करोड़ों रुपये बचाने के लिए उठाया है। कंपनी के मुताबिक PPP मॉडल के तहत गैस स्टेशन खोलने पर कंपनी को सालाना करोड़ों रुपये की बचत होगी। हमारे सहयोगी चैनल सीएनबीसी-आवाज़ की एक्सक्लूसिव खबर के मुताबिक कंपनी PPP मॉडल के तहत हर साल 75-100 गैस स्टेशन खोलेगी। अभी ये सारे गैस स्टेशन देश के गुजरात राज्य में ही खोले जायेंगे। हालांकि बाद में इसके अन्य राज्यों तक विस्तार से इनकार नहीं किया जा सकता है।
हर साल खुलेंगे 75-100 गैस स्टेशन
इस खबर पर ज्यादा डिटेल्स देते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के केतन जोशी ने कहा गुजरात गैस बड़ी योजना पर काम कर रहा है। केतन ने कहा कि गुजरात गैस पहली बार PPP मॉडल पर गैस स्टेशन खोलेगी। इसके बाद PPP मॉडल के तहत कंपनी हर साल 75-100 गैस स्टेशन खोलेगी। गुजरात में सभी गैस स्टेशन खोले जाएंगे।
एक स्टेशन लगाने में आता है 3-4 करोड़ रुपये का खर्च
इस समय गुजरात में 1002 गैस स्टेशन हैं। इनमें से 700 से ज्यादा कंपनी के गैस स्टेशन हैं। PPP मॉडल के तहत Gujarat Gas की सालाना करोड़ों रुपये की बचत होगी। अभी कंपनी को एक स्टेशन लगाने पर 3-4 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
केतन ने आगे कहा कि PPP मॉडल पर कंपनी डीलर को सिर्फ गैस मुहैया कराएगी। गैस के बाद ऊपर का पूरा खर्च डीलर का होगा। PPP मॉडल पर कंपनी को हजारों आवेदन आने की संभावना है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)