Hyundai Motor Share Price: दिग्गज कार कंपनी हुंडई मोटर की कारें महंगी होने वाली है। कंपनी ने अगले साल से अपनी कारों को बढ़ाने का ऐलान किया जिसका असर आज की कारोबारी शुरुआत में शेयरों पर भी दिखा और ये उछल गए। हालांकि फिर मुनाफावसूली के चलते अधिकतर तेजी हवा हो गई। दिन के आखिरी में बीएसई पर यह 0.28 फीसदी की बढ़त के साथ 1877.75 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 1.40 फीसदी के उछाल के साथ 1898.85 रुपये के भाव पर पहुंच गया था।
Hyundai Motor की कारें कितनी होंगी महंगी?
हुंडई मोटर ने इनपुट और लॉजिस्टिक्स कॉस्ट में तेजी के साथ-साथ प्रतिकूल एक्सचेंज रेट के चलते अपनी कारों के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने इसके बारे में एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी और कहा कि बढ़ी हुई कीमतें अगले साल 1 जनवरी 2025 से प्रभावी हो जाएंगी। कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर तरुण गर्ग ने कहा कि इनपुट कॉस्ट में बढ़ोतरी बने रहने से अब इसका कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है और ऐसे में कारों की कीमतों में इजाफा किया जाएगा। 1 जनवरी 2025 से इनकी कीमतें 25 हजार रुपये तक बढ़ जाएंगी
हुंडई मोटर इंडिया की सेल्स नवंबर महीने में सालाना आधार पर 7 फीसदी गिरकर 61,252 यूनिट्स पर आ गई। घरेलू बिक्री 2 फीसदी गिरकर 48,246 यूनिट्स और एक्सपोर्ट्स 20 फीसदी फिसलकर 13,006 यूनिट्स पर आ गई। वित्तीय सेहत की बात करें तो सितंबर तिमाही में इसका कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 16 फीसदी गिरकर 1375 करोड़ रुपये पर आ गया। लिस्टिंग के बाद यह इसका पहला रिजल्ट था। शेयरों की बात करें तो इसके रिकॉर्ड ₹27,870.16 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत 1960 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। शेयरों की घरेलू मार्केट में 22 अक्टूबर को एंट्री हुई थी और लिस्टिंग के दिन ही यह 1968.80 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा था।