Kalpataru Projects Shares Price: कल्पतरु प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल के शेयर आज 30 जुलाई को कारोबार के दौरान 5 प्रतिशत तक लुढ़ककर 1,289 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आ गए। रियल्टी फर्म के शेयरों में यह गिरावट उसके जून तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद आई है। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 26 फीसदी घटकर 84 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले साल इसी तिमाही में 113 करोड़ रुपये था। हालांकि कंपनी के टोटल इनकम में बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह जून तिमाही में 4,609 करोड़ रुपये था। हालांकि इसके साथ इसका खर्च भी 9 फीसदी बढ़कर 4,472 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी ने बताया कि जून तिमाही के अंत में उसका ऑर्डर बुक 57,195 करोड़ रुपये रहा। यह 838 करोड़ रुपये का वह ऑर्डर शामिल नहीं है, जो कंपनी को जुलाई महीने के दौरान मिला है।
कल्पतरु प्रोजेक्ट्स के एमडी और सीईओ मनीष मोहनोत ने कहा, "हमने वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में मैनपावर की कम उपलब्धि और लोकसभा चुनावों के दौरान कलेक्शन में देरी के बावजूद एक लचीला प्रदर्शन किया है। हलांकि दूसरी तिमाही आने के साथ ही हमे बजटीय आवंटन में सुधार के चलते वर्किंग कैपिटल की जरूरत में नरमी देखी जाने लगी है।
बता दें कि कल्पतरू प्रोजेक्ट्स, देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) कंपनियों में से एक है। यह कंपनी पावर ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन, बिल्डिंग एंड फैक्ट्रीज, वाटर सप्लाई, इरिगेशन, रेलवे, ऑयल एंड गैस पाइपलाइन, अर्बन मोबिलिटी (फ्लाईओवर और मेट्रो रेल), हाईवेज और एयरपोर्ट्स के फील्ड्स में कारोबार में है।
फिलहाल कंपनी के प्रोजेक्ट्स करीब 30 देशों में चल रहे हैं और इसकी दुनिया के 70 देशों में उपस्थिति है।
कल्पतरू प्रोजेक्ट्स ने हाल ही में अपने ज्वाइंट वेंचर और सब्सिडियरी फर्मों के जरिए करीब 2,995 करोड़ रुपये के ऑर्डर जीते हैं। ये नए ऑर्डर ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन, बिल्डिंग एंड फैक्ट्रीज और वाटर बिजनेस कैटेगरीज में मिले हैं। इस साल अबतक कल्पतरू प्रोजेक्ट्स के शेयरों में करीब 88 फीसदी की तेजी आ चुकी है।