Market outlook: भारतीय इक्विटी बाजार में आज दो दिनों से चल रही गिरावट थम गई। सेंसेक्स-निफ्टी हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन हल्की बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहे हैं। कारोबार के अंत में सेंसेक्स करीब 118.57 अंक यानी 0.19 फीसदी बढ़कर 62547.11 पर और निफ्टी 46.30 अंक या 0.25 फीसदी बढ़कर 18534.10 पर बंद हुआ है। इस पूरे हफ्ते की बात करें तो बेंचमार्क इंडेक्स सपाट बंद हुए हैं। इस हफ्ते सेंसेक्स में 45.42 अंक और निफ्टी में 34.75 अंक की बढ़त देखने को मिली है। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, अपोलो हॉस्पिटल्स, हीरो मोटोकॉर्प, टाटा स्टील और जेएसडब्ल्यू स्टील आज निफ्टी के टॉप गेनर रहे। जबकि अदाणी एंटरप्राइजेज, इंफोसिस, बीपीसीएल, एचडीएफसी लाइफ और टीसीएस निफ्टी के टॉप लूजर रहे।
रियल्टी, ऑटो, मेटल में 1 फीसदी की बढ़त
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो रियल्टी, ऑटो, मेटल में 1 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। जबकि आईटी और तेल एवं गैस शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.5 फीसदी की तेजी रही।
पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और हीरो मोटोकॉर्प में लॉन्ग बिल्ड-अप देखने को मिला। जबकि महानगर गैस, गुजरात गैस और इंद्रप्रस्थ गैस में शॉर्ट बिल्ड-अप देखने को मिला। अलग-अलग शेयरों की बात करें तो बायोकॉन, हीरोमोटोकॉर्प और रेन इंडस्ट्रीज के वॉल्यूम में 200 फीसदी से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली।
200 से ज्यादा शेयरों ने हिट किया अपना 52-वीक हाई
बीएसई पर आज 200 से ज्यादा शेयरों ने अपना 52-वीक हाई हिट किया। इनमें डेल्टा कॉर्प, साइएंट, परसिस्टेंट सिस्टम्स, ल्यूपिन, वालचंदनगर इंडस्ट्रीज, आईटीडी सीमेंटेशन इंडिया, सक्सॉफ्ट, सिग्निटी टेक्नोलॉजीज, आदित्य बिड़ला कैपिटल, ग्रेविटा इंडिया, ट्रेंट और वंडरला हॉलीडे के नाम शामिल हैं।
05 जून को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी आज बढ़त के साथ खुला और रेंजबाउंड ट्रेड करता दिखा। अंत में ये 45 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। ऑवरली चार्ट पर देखें तो निफ्टी रिवर्स चैनल (18500 –18450)के निचले सिरे के आसपास कारोबार कर रहा है। इसके साथ ही अहम ऑवरली मूविंग एवरेज और ऑवरली मोमेंटम इंडीकेटर नया पॉजिटिव क्रॉसओवर दे रहे हैं जो तेजी का संकेत है। जतिन गेडिया का मानना है कि निफ्टी में इस हफ्ते कंसोलीडेशन देखने को मिला है। अब सोमवार से शुरू होने वाले हफ्ते से इसमें तेजी आने की संभावना है। शॉर्ट टर्म में निफ्टी में 18800 का स्तर देखने को मिल सकता है। निफ्टी के लिए 18460 –18420 को जोन में सपोर्ट दिख रहा है। जबकि 18600 –18660 पर रजिस्टेंस है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के दीपक जसानी का कहना है कि 02 जून के भारी वोलैटिलिटी वाले कारोबारी सत्र में निफ्टी हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ है। चुनिंदा लार्ज कैप में बिकवाली के दबाव के बावजूद शुक्रवार को निफ्टी हरे निशान में बंद हुआ। साप्ताहिक आधार पर निफ्टी ने 0.19 फीसदी चढ़कर हाई वेव टाइप कैंडल बना है। जब तक निफ्टी 18315 के ऊपर रहता है, बुल्स का पलड़ा भारी रह सकता है। ऊपर की तरफ निफ्टी के लिए 18662-18729 पर रजिस्टेंस दिख रहा है। ग्लोबल स्तर पर बाजारों के लिए बहुत सारी शॉर्ट टर्म दिक्कतें खत्म हो गई हैं। ये बाजार के लिए एक अच्छा संकेत है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।