Multibagger Stock: इंफॉर्मेशन और कम्यूनिकेशन तकनीक (ICT) पर आधारित एसएमई कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी CWD के शेयरों ने निवेशकों की जबरदस्त कमाई कराई है। इसका आईपीओ करीब एक साल पहले आया था और इस एक ही साल में इसने निवेशकों की पूंजी को 11 गुना से अधिक बढ़ा दिया।
CWD के शेयर आज 7 अक्टूबर को इंट्रा-डे में करीब पांच फीसदी की तेजी के साथ 2121.20 रुपये की ऊंचाई पर पहुंच गए थे। हालांकि इसके बाद बाजार बंद होने तक मुनाफावसूली के चलते यह 1950 रुपये के भाव पर फिसल गया। इसका मार्केट कैप 704.22 करोड़ रुपये है।
इश्यू प्राइस से 11 गुना उछल गए भाव
CWD का आईपीओ पिछले साल 30 सितंबर-5 अक्टूबर 2021 के बीच खुला था। आईपीओ निवेशकों को 180 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए थे और बीएसई एसएमई पर 13 अक्टूबर 2021 को इसकी लिस्टिंग हुई थी। हालांकि लिस्टिंग के दिन इसने निवेशकों को मासूम किया था। लिस्टिंग के दिन यह 189 रुपये की ऊंचाई तक पहुंचा था और फिर दिन के आखिरी में 180.60 रुपये के भाव पर बंद हुआ था।
हालांकि फिर इसमें खरीदारी बढ़ी और आज यह 2121.20 रुपये की ऊंचाई तक पहुंच गया। इसका मतलब हुआ कि अगर किसी निवेशक ने अपनी होल्डिंग को बनाया रखा होता तो महज एक साल में ही यह 11 गुना बढ़ जाता।
CWD का मतलब कनेक्टेड वायरलेस डिवाइसेज है जो सॉफ्टवेयर और इलेक्ट्रॉनिक्स को मिलाकर इंटीग्रेटेड सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। इसके प्रोडक्ट्स एनएफसी, ब्लूटूथ बीएलई, वाईफाई, जिग्बी जैसी शॉर्ट-रेंज रेडियो टेक्नोलॉजी, LORA जैसी मिड-रेंज सिस्टम्स या 5G LTE, NB-IOT, LTE CAT जैसी लांग रेंज कम्यूनिकेशंस सिस्टम्स पर आधारित प्रोडक्ट्स तैयार करती है।