Multibagger Stock: शेयर मार्केट में कुछ स्टॉक्स ने लंबे समय में निवेशकों को जमकर रिटर्न दिया है। वहीं कुछ स्टॉक्स ऐसे भी हैं जिसने न सिर्फ लंबे समय में बल्कि कुछ महीने के अंतराल यानी शॉर्ट पीरियड में भी शानदार रिटर्न दिया है। ऐसा ही एक स्टॉक एलटी फूड्स (LT Foods) है।
'DAAWAT' ब्रांड नाम से चावल बेचने वाली दिग्गज कंपनी एलटी फूड्स के शेयरों ने 14 साल से भी कम समय में निवेशकों की पूंजी 45 गुना बढ़ाई है तो इस साल आठ महीने में ही निवेशकों की पूंजी 131 फीसदी बढ़ा दी है। इसके शेयर आज बीएसई पर 126.60 रुपये के भाव (LT Foods Share Price) पर बंद हुए हैं।
लॉन्ग टर्म और शॉर्ट टर्म दोनों में किंग LT Foods
एलटी फूड्स के शेयर 6 फरवरी 2009 को 2.72 रुपये के भाव पर थे जो 31 अक्टूबर 2022 तक 45 गुना बढ़कर 126.60 रुपये के भाव पर पहुंच चुका है। इसका मतलब हुआ कि महज 13 साल में निवेशकों का पैसा 45 गुना बढ़ गया है।
वहीं अगर कम टाइम फ्रेम की बात करें तो एलटी फूड्स के शेयर 24 फरवरी 2022 को 58.75 रुपये के भाव पर थे जो 52 हफ्ते का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके बाद आठ महीने में यह 131 फीसदी की उछाल के साथ एक साल के रिकॉर्ड ऊंचे स्तर 135.85 रुपये पर पहुंच गया यानी महज आठ महीने में इसने निवेशकों की पूंजी दोगुने से अधिक बढ़ा दी।
देश की दूसरी और अमेरिका की सबसे बड़ी ब्रांडेड बासमती कंपनी
एलटी फूड्स बासमती चावल बेचने वाली देश की दूसरी सबसे बड़ी ब्रांडेड कंपनी है और इसका मार्केट शेयर करीब 27 फीसदी है। इसके अलावा अमेरिका में यह बासमती चावल बेचने वाली सबसे बड़ी ब्रांडेड कंपनी है जिसकी अमेरिकी मार्केट में 50 फीसदी हिस्सेदारी है। एलटी फूड्स नौ ब्रांड नाम से अपने प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है जिसमें से सबसे माना-जाना दावत है।
बासमती चावल के कारोबार में यह कंपनी पिछले पांच दशकों से जुड़ी हुई है। बासमती चावल एक खास इलाके में होने चावल है जो भारत और पाकिस्तान के कुछ हिस्से में ही उपजाया जाता है। यह चावल की सबसे महंगी वैराइटीज में शुमार है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी शेयर परफार्मेंस के आधार पर दी गई है। यह बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।