Investment Strategy: घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 आज रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। अब आगे की बात करें कोटक एएमसी के नीलेश शाह का मानना है कि निवेशकों को फिलहाल अधिक तेजी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। उनका मानना है कि मार्केट में हल्की गिरावट दिख सकती है और निवेशकों को इस समय मोमेंटम की बजाय स्टॉक्स की क्वालिटी पर फोकस करना चाहिए। बता दें कि आज पहली बार निफ्टी ने 25100 का लेवल पार किया और इंट्रा-डे में यह 25,125.70 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा था। निफ्टी 50 इस साल 15 फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है।
इस कारण आ सकता है करेक्शन
नीलेश शाह का मानना है कि मार्केट में मौजूदा लेवल से करेक्शन आ सकता है। उनका मानना है कि कि इसकी वजह अमेरिकी इकॉनमी से लेकर बांग्लादेश के राजनीतिक उठा-पटक या जापान की करेंसी येन के कैरी ट्रेड की समाप्ति हो सकती है। हालांकि उनका यह भी कहना है कि भारतीय इकॉनमी के फंडामेंटल्स को देखते हुए अधिक करेक्शन के आसार नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर करेक्शन होता है तो निवेश के लिए शानदार मौका साबित हो सकता है।
निवेशकों को सुझाए तीन मंत्र
नीलेश शाह का कहना है कि ट्रेडर्स के लिए चिंता की बात हो सकती है लेकिन निवेशकों के लिए करेक्शन मौका दे सकता है। सीएनबीसी-टीवी18 से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारतीय इकॉनमी आगे बढ़ रही है तो निवेशकों को मार्केट की गिरावट को लेकर चिंता नहीं करनी चाहिए। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि रिटर्न फीका हो सकता है। उन्होंने मौजूदा माहौल में निवेश के लिए तीन मंत्र दिए- रिटर्न की उम्मीद को मध्यम करना, क्वालिटी को प्राथमिकता देना और महंगे वैल्यूएशन वाले शेयर न खरीदना। नीलेश के मुताबिक फिलहाल 20,30 और 40 फीसदी रिटर्न की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। उन्होंने मोमेंटम स्टॉक्स की बजाय क्वालिटी स्टॉक्स चुनने को कहा है। साथ ही अच्छा रिटर्न हासिल करने के लिए उन्होंने महंगे वैल्यूएशन वाले शेयरों से दूर रहने की सलाह दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।