Paint Stocks: स्टॉक मार्केट में आज बिकवाली का काफी दबाव रहा। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) करीब आधे फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं दूसरी तरफ देश की सबसे बड़ी पेंट कंपनी एशियन पेंट्स के शेयर दिन के आखिरी में भी 3 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए और इसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी बर्जर पेंट्स भी करीब ढाई फीसदी की बढ़त के साथ। इनके शेयरों में तेजी की वजह इनके प्रोडक्ट्स के दामों में बढ़ोतरी का फैसला है। इसके चलते ही एशियन पेंट्स आज BSE पर 3.20 फीसदी की बढ़त के साथ 2998.30 रुपये (Asian Paitns Share Price) और बर्जर पेंट्स 2.47 फीसदी के उछाल के साथ 526.40 रुपये (Berger Paints Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में एशियन पेंट्स 3014.40 और बर्जर पेंट्स 531.85 रुपये की इंट्रा-डे ऊंचाई पर पहुंचा था।
