Paragon IPO Listing: केमिकल कंपनी पैरागॉन फाइन एंड स्पेशल्टी केमिकल्स (Paragon Fine And Speciality Chemicals) के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर शानदार एंट्री हुई। पहले ही दिन एंट्री करते ही इसने आईपीओ निवेशकों के पैसों को दोगुने से अधिक बढ़ा दिया। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 205 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 100 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 225 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 125 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Paragon Listing Gain) मिला।
हालांकि लिस्टिंग के बाद शेयर फिसल गए। टूटकर यह 213.75 रुपये (Paragon Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया। इसी लोअर सर्किट पर यह बंद भी हुआ है यानी कि आईपीओ निवेशको का मुनाफा घटकर करीब 113.75 फीसदी रह गया है।
Paragon Fine And Speciality Chemicals IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
पैरागॉन फाइन एंड स्पेशल्टी का 51.66 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 26.30 अक्टूबर के बीच खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था। ओवरऑल यह आईपीओ 205.74 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 81.38 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 419.46 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 185.28 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 51.66 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल मौजूदा प्लांट के सिविल कंस्ट्रक्शन वर्क की फंडिंग, कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
यह कंपनी फार्मा, एग्रीकल्चर, कॉस्मेटिक्स, पिगमेंट और डाई के इंटरमीडिएट्स बनाती है। इसका ग्राहक दुनिया भर में हैं। कंपनी का प्लांट गुजरात में है। वित्त वर्ष 2023 के आंकड़ों के मुताबिक इसके पोर्टफोलियो में करीब 140 प्रोडक्ट्स हैं और इसकी आरएंडडी टीम में 14 टेक्नोक्रेट्स हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 4.40 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो वित्त वर्ष 2022 में बढ़कर 4.49 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 9.89 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस वित्त वर्ष की बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2023 में इसे 3.62 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हो चुका है।