Paytm Share Price: ऐसे समय में जब मार्केट में धड़ाधड़ बिकवाली हुई। इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 1-1 फीसदी से अधिक टूट गए। वहीं फिनटेक कंपनी पेटीएम के शेयर 9 फीसदी से अधिक उछलकर करीब 6 महीने के हाई पर चले गए। इसके शेयरों की तेजी का एक कनेक्शन ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो से जुड़ा हुआ है और जोमैटो के भी शेयर जून तिमाही के शानदार नतीजे पर आज करीब 19 फीसदी उछलकर नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्यूनिकेशंस की बात करें तो आज इसके शेयर इंट्रा-डे में करीब 9.11 फीसदी उछलकर 542.50 रुपये पर पहुंच गए। आज BSE पर यह 5.94 फीसदी की मजबूती के साथ 526.75 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
