SBFC Finance IPO Listing: सबसे अधिक एसेट मैनेज करने वाली एनबीएफसी में शुमार SBFC Finance के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में शानदार एंट्री हुई है। आईपीओ निवेशकों को इसके शेयर 57 रुपये के भाव पर जारी हुए थे। आज इसकी बीएसई पर 81.99 रुपये पर लिस्टिंग हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 44 फीसदी लिस्टिंग गेन मिला। लिस्टिंग के बाद भी शेयरों की तेजी नहीं थमी और 95.30 रुपये तक पहुंच गया था। दिन के आखिरी में आज बीएसई पर यह 92.21 रुपये के भाव (SBFC Finance Share Price) पर बंद हुआ है यानी कि पहले दिन आईपीओ निवेशक हर शेयर पर 62 फीसदी मुनाफे में हैं। एंप्लॉयीज को हर शेयर 2 रुपये के डिस्काउंट पर मिले हैं।
SBFC Finance IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
एसबीएफसी फाइनेंस का 1025 करोड़ रुपये का आईपीओ 3-7 अगस्त के बीच खुला था। ओवरऑल यह इश्यू 74.06 गुना सब्सक्राइब हुआ था जिसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) का हिस्सा 203.61 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का 51.82 गुना, खुदरा निवेशकों का 11.60 गुना और एंप्लॉयी का 6.21 गुना भरा था। इस इश्यू के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 600 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हुए हैं और इसके जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कैपिटल बेस को बढ़ाने में होगा।
SBFC Finance के बारे में डिटेल्स
यह एक सिस्टमैटिकली इंपोर्टेंट नॉन-डिपॉजिट-टेकिंग नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC-ND-SI) है। एसबीएफसी फाइनेंस सिक्योर्ड MSME लोन और गोल्ड गिरवी रखकर लोन मुहैया कराता है। MSME को लोन बांटने वाले एनबीएफसी की बात करें तो यह सबसे अधिक AUM (एसेट अंडर मैनेजमेंट) वाले एनबीएफसी में शुमार है। वित्त वर्ष 2019-23 के बीच इसका एयूएम 44 फीसदी की सीएजीआर से बढ़ा है। अब इसके वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2020 में इसे 35.50 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले ही वित्त वर्ष 2021 में बढ़कर 85.01 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि फिर वित्त वर्ष 2022 में फिसलकर यह 6452 करोड़ रुपये पर आ गया लेकिन फिर स्थिति सुधरी और वित्त वर्ष 2023 में 149.74 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।