Sensex All-Time High: बीएसई सेंसेक्स (Bse Sensex) ने आज 7 जून को अपने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इंडेक्स 1,720 अंक से अधिक उछलकर अपने अबतक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी अपने नए उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। इससे निवेशकों की आज करीब 8 लाख करोड़ रुपये की कमाई हुई। इसके साथ ही सेंसेक्स ने 4 जून को लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद आई भारी गिरावट की न सिर्फ भरपाई कर ली, बल्कि यह 2024 में इसका अबतक का सबसे अच्छा हफ्ता भी साबित हुआ। सेंसेक्स इस पूरे हफ्ते में 3.8 फीसदी या करीब 4,614 अंक बढ़ा है। वहीं निफ्टी में इस दौरान 3.4 फीसदी की तेजी आई।
