Sensex-Nifty Closes Red: आईटी, मेटल और फार्मा शेयरों की पिटाई का कहर ओवरऑल मार्केट पर दिखा। डोनाल्ड ट्रंप के फिर से राष्ट्रपति बनने की खुशी में एक कारोबारी दिन पहले यानी 6 नवंबर को मार्केट ने जो छलांग लगाई थी, आज अधिकतर तेजी गायब हो गई। ट्रंप के जीत की खुशी में एक कारोबारी दिन पहले घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी 50 एक-एक फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए थे और आज दोनों ही एक-एक फीसदी से अधिक टूटकर बंद हुए हैं। पीएसयू बैंक को छोड़ निफ्टी के सभी सेक्टर के इंडेक्स रेड जोन में हैं और पीएसयू बैंक का भी निफ्टी इंडेक्स फ्लैट ही बंद हुआ है। ओवरऑल बात करें तो इस हाहाकारी मार्केट में बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों की दौलत 4.13 लाख करोड़ रुपये घट गई है यानी निवेशकों की दौलत 4.13 लाख करोड़ रुपये डूब गई।
