Share Market Rise: शेयर बाजार में इन 6 कारणों से लौटी तेजी; सेंसेक्स 1,000 अंक उछला, निफ्टी 23,300 के पार
Share Market Rise: एक दिन पहले की भारी गिरावट के बाद भारतीय शेयरों बाजारों में आज 20 मार्च को मजबूत रिकवरी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,000 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 23,000 के पार पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और ग्लोबल बाजारों से मिले पॉजिटिव संकेतों से निवेशकों को आज राहत मिली
Share Market Rise: एक दिन पहले की गिरावट के बाद निवेशकों ने आज निचले स्तरों पर वैल्यू बाइंग की
Share Market Rise: एक दिन पहले की भारी गिरावट के बाद भारतीय शेयरों बाजारों में आज 20 मार्च को मजबूत रिकवरी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,000 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 23,000 के पार पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और ग्लोबल बाजारों से मिले पॉजिटिव संकेतों से निवेशकों को आज राहत मिली। इसके अलावा वैल्यू बाइंग ने भी बाजार की तेजी में अहम भूमिका निभाई।
निफ्टी के सभी 16 बड़े सेक्टरोल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं, छोटे और मिडकैप शेयरों में भी तेजी दिखी। निफ्टी स्मॉलकैप 100 करीब 0.8% चढ़ा और निफ्टी मिडकैप 100 में 1.5% की बढ़त रही।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 325.72 अंक यानी 0.44% की बढ़त के साथ 74,532.96 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 112.35 अंक चढ़कर 23,114.50 के स्तर पर पहुंच गया।। यह तेजी ऐसे समय आई है जब एक दिन पहले ही बाजार में 3% से ज्यादा की गिरावट देखी गई थी।
शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे 6 बड़े कारण रहे-
1. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से राहत
शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट रही। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के बीच तेल की कीमतें कम होने से दुनियाभर के बाजारों को थोड़ी राहत मिली है। ब्रेंट क्रूड का भाव अब घटकर करीब 107 डॉलर के आसपास आ गया है, जो पिछले सत्र में 119 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था।
तेल की कीमतों में यह गिरावट इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के एक बयान के बाद आई। नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल, अमेरिका के साथ मिलकर स्ट्रेट को फिर से खोलने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अब ईरान के तेल और गैस ठिकानों पर हमला नहीं होगा और यह युद्ध उम्मीद से जल्दी खत्म हो सकता है।
2. गिरावट के बाद वैल्यू बायिंग
शेयर बाजार में एक दिन पहले दिखी भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने आज निचले स्तरों पर वैल्यू बाइंग शुरू की। एक दिन पहले ही बाजार 3% से ज्यादा गिरा था, जो जून 2024 के बाद सबसे बड़ी गिरावट थी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि निफ्टी के लिए तकनीकी रूप से भी 23,000 का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा था, जहां से बाजार में उछाल देखने को मिला। इस वैल्यू बायिंग ने बाजार की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई।
3. मजबूत ग्लोबल संकेत
ग्लोबल शेयर बाजारों से मिले संकेत भी आज पॉजिटिव रहे। एशियाई बाजार जैसे साउथ कोरिया का कोस्पी और चीन का शंघाई बाजार बढ़त में कारोबार कर रहे थे। वहीं, अमेरिका का बाजार गुरुवार को गिरकर बंद हुआ, लेकिन दिन के निचले स्तर से बाद में संभल गया क्योंकि वैश्विक तनाव थोड़ा कम हुआ।
4. युद्ध जल्द खत्म होने के संकेत
वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष के कम होने की उम्मीद से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। ऐसे संकेत मिले हैं कि अब ऑयल और गैस के ठिकानों पर और हमले नहीं होंगे। ट्रंप ने भी साफ किया कि जमीन पर सैनिक नहीं भेजे जाएंगे। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजयकुमार ने कहा, "आज मार्केट के ऊपर जाने की संभावना है क्योंकि तनाव कम होने की उम्मीद वापस आ गई है। इससे ब्रेंट क्रूड 118 डॉलर के पीक से गिरकर 106 डॉलर पर आ गया है।"
5. वोलैटिलिटी इंडेक्स में गिरावट
शेयर बाजार के निवेशकों में मौजूद डर का संकेत देने वाला इंडिकेटेर, इंडिया VIX भी शुक्रवार को करीब 3% गिरकर 22.14 पर आ गया। VIX कम होने का मतलब है कि बाजार में उतार-चढ़ाव कम रहने की उम्मीद है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता है और शेयर बाजार को सहारा मिलता है।
6. हैवीवेट शेयरों में खरीदारी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पिछले सत्र की गिरावट के बाद आज वैल्यू बाइंग के चलते 3% से ज्यादा बढ़ गए। इससे सेंसेक्स और निफ्टी को सहारा मिला।
टेक्निकल चार्ट्स से क्या मिल रहे संकेत?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स ने बाताय कि हालिया तेज गिरावट के बाद निफ्टी में रिकवरी दिख सकती है और यह 23,435 तक जा सकता है। लेकिन अगर निफ्टी 23,190 के ऊपर नहीं जा पाता या 22,930 से नीचे गिरता है, तो बाजार में और कमजोरी आ सकती है। ऐसी स्थिति में निफ्टी 22,560 तक और फिर 22,000 तक भी जा सकता है।
डिस्क्लेमरःMoneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।