Share Market Rise: शेयर मार्केट में 3 दिन बाद लौटी रौनक! इन 6 कारणों से सेंसेक्स 450 अंक उछला

Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों में गुरुवार 11 को जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। लेकिन शुरुआती गिरावट के बाद शेयर मार्केट ने मजबूत रिकवरी की और तीन दिनों की गिरावट का सिलसिला तोड़ दिया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 450 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 25,900 के पार पहुंच गया। ब्रॉडर मार्केट में भी खरीदारी लौटी। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स कारोबार के दौरान 0.79 फीसदी तक उछल गए

अपडेटेड Dec 11, 2025 पर 4:25 PM
Story continues below Advertisement
Share Market Rise: सबसे अधिक खरीदारी आईटी, ऑटो और रियल्टी शेयरों में देखने को मिली

Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों में आज 11 दिसंबर को जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। लेकिन शुरुआती गिरावट के बाद शेयर मार्केट ने मजबूत रिकवरी की और तीन दिनों की गिरावट का सिलसिला तोड़ दिया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 450 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 25,900 के पार पहुंच गया। इससे पहले शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स एक समय 222 अंकों तक नीचे गिर गया था, लेकिन बाद इसने खुद को संभाला।

ब्रॉडर मार्केट में भी खरीदारी लौटी। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स कारोबार के दौरान 0.79 फीसदी तक उछल गए। सबसे अधिक खरीदारी आईटी, ऑटो और रियल्टी शेयरों में देखने को मिली।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 426.86 अंक या 0.51 फीसदी की तेजी के साथ 84,818.13 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 140.55 अंक या 0.55 की तेजी के साथ 25,898.55 के स्तर पर बंद हुआ।


शेयर बाजार में आज की इस तेजी के पीछे 6 बड़ी वजहें रहीं-

1. वैल्यू बाइंग

लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद आज निवेशकों ने निचले स्तर पर वैल्यू बाइंग शुरु की। खास तौर से आईटी, ऑटो, मेटल, रियल्टी, बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर्स में। मेटल इंडेक्स 1% तक उछल गया, क्योंकि डॉलर कमजोर होने से विदेशी खरीदारों के लिए कमोडिटी सस्ती हुई। आईटी इंडेक्स में 0.9% तक तेजी आई और इसे अमेरिका में ब्याज दरों की कटौकी से सपोर्ट मिला। बैंक निफ्टी में भी मजबूत खरीदारी देखी गई, यह 0.7% बढ़ा।

2. अमेरिका से ट्रेड डील की उम्मीदें

भारत के चीफ इकनॉमिक एडवाइजर वी अनंत नागेश्वरन के एक बयान से भी आज शेयर बाजार अच्छे मूड में दिखा। अनंत नागेश्वरन ने भारत और अमेरिका के बीच ज्यादातर व्यापारिक मुद्दे सुलझ गए हैं और जल्द ही दोनों देशों के बीच समझौते की घोषणा हो सकती है। उन्होंने Bloomberg TV को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि मार्च 2026 तक समझौता हो जाएगा। अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव ने भी कहा है कि भारत ने बातचीत में उन्हें अब तक का “सबसे अच्छा प्रस्ताव” दिया है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा।

3. अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरें घटाई

अमेरिका के केंद्रीय बैंक, US फेडरल रिजर्व ने बुधवार को अपनी ब्याज दर 25 बेसिस प्वाइंट घटा दी।यह इस साल लगातार तीसरी और कुल मिलाकर 0.75 प्रतिशत की कटौती है। इस कटौती के साथ अमेरिका में अब ब्याज दरें पिछले तीन साल के सबसे निचले स्तर पर आ गई हैं। अमेरिका में ब्याज दरों का घटना आमतौर पर भारत जैसे उभरते बाजारों में निवेश को बढ़ावा देती हैं। इससे आईटी जैसे सेक्टर्स में कारोबार बढ़ने की संभावना भी बढ़ती है।

4. वोलैटिलिटी इंडेक्स में गिरावट

शयेर बाजार में मौजूद अस्थिरता का संकेत देने वाला, इंडिया VIX इंडेक्स गुरुवार को करीब 2% गिरकर 10.74 पर आ गया। VIX का कम होना बाजार में निकट भविष्य में अनिश्चितता कम होने का संकेत होता है। इसका मतलब है कि निवेशकों का मनोबल थोड़ा बेहतर हुआ है और बाजार में स्थिरता है।

5. ग्लोबल बाजारों से मजबूत संकेत

अमेरिकी शेयर मार्केट में बीती रात US फेड की ओर से ब्याज दरो में कटौती के बाद तेजी देखने को मिली। कई एशियाई बाजारों में भी सुबह के कारोबार में तेजी देखी गई। इससे भारतीय निवेशकों के लिए भी पॉजिटिव संकेत मिले।

6. एक्सपायरी का असर

गुरुवार को सेंसेक्स डेरिवेटिव्स की वीकली एक्सपायरी होती है। इसके चलते आज शेयर मार्केट में शुरुआती कारोबार से ही तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। एक्सायरी के दिन ट्रेडर अपनी पोजीशन क्लोज या रोलओवर करते हैं, जिससे दिन भर बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं।

टेक्निकल चार्ट्स से क्या मिल रहे संकेत?

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट आनंद जेम्स ने कहा कि निफ्टी ने पिछले दिन के निचले स्तर 25,732 को दोबारा छूने के बावजूद कोई साफ दिशा नहीं दिखाई। मार्केट के रुझान को बताने वाले संकेत अभी कमजोर हैं। उनका कहना है कि बाजार में गिरावट की संभावना बनी हुई है। अगर निफ्टी 25,690–25,630 के स्तर पर नहीं रुकता और इससे नीचे चला जाता है, तो बढ़त की संभावना कम हो जाएगी। वहीं, इस स्तर पर मजबूती दिखाई दे तो बुल्स दोबारा एक्टिव हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- Ola Electric Shares: ऑलटाइम लो पर ओला इलेक्ट्रिक के शेयर, 2025 में 60% टूटा भाव, S&P ग्लोबल ने घटाई रेटिंग

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।