Signoria Creation IPO: जयपुर के क्लोदिंग ब्रांड Signoria Creation के आईपीओ की 19 मार्च को NSE SME पर शानदार शुरुआत हुई। शेयर 131 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ, जो इसके आईपीओ के अपर प्राइस बैंड 65 रुपये से 101.5 प्रतिशत ज्यादा है। लिस्ट होने के तुरंत बाद शेयर 5 प्रतिशत चढ़ा और 137.55 रुपये पर अपर सर्किट सर्किट लग गया। कंपनी का मार्केट कैप 65.45 करोड़ रुपये है।
Signoria Creation IPO 12 मार्च को खुला था और 14 मार्च को बंद हुआ। इस SME IPO के लिए प्राइस बैंड 61-65 रुपये प्रति शेयर था और IPO में 14.28 लाख नए शेयर जारी किए गए। IPO 666.32 गुना सब्सक्राइब हुआ था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 107.56 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1,290.56 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 649.88 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
क्या बनाती है Signoria Creation और कितना है रेवेन्यू
कंपनी की शुरुआत साल 2019 में हुई थी। Signoria Creation Limited के प्रोडक्ट्स में महिलाओं के लिए कुर्ती, पैंट, कुर्ती-पैंट व दुपट्टा सेट, टॉप, को-ऑर्ड सेट, गाउन शामिल हैं। इसकी दो मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में से एक जयपुर के मानसरोवर में और दूसरी सांगानेर में है। कंपनी के प्रमोटर वासुदेव अग्रवाल, बबीता अग्रवाल, मोहित अग्रवाल और कृतिका छाछंड़ हैं।
Signoria Creation की वित्तीय स्थिति
अप्रैल-सितंबर 2023 की अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 6.52 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान शुद्ध मुनाफा 64.52 लाख रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023 में Signoria Creation का रेवेन्यू 62.13 प्रतिशत बढ़कर 19.15 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 242.14 प्रतिशत बढ़कर 2.31 करोड़ रुपये रहा था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।