Sintex Share Price: अगर आप भी सिंटेक्स के शेयरों से नहीं निकल पाए हैं तो आपका पैसा अब फंस चुका है। BSE और NSE पर आज से सिंटेक्स के शेयरों की ट्रेडिंग बंद हो चुकी है। यानी अब इसके शेयरों में कोई खरीद-बिक्री नहीं होगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज-ACRE ने सिंटेक्स इंडस्ट्रीज का अधिग्रहण कर लिया है। इसके बाद सिंटेक्स के शेयरों को डिलिस्ट करा लिया गया है।
कर्ज में डूबी इस कंपनी ने ऐलान किया था कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और एसेट्स केयर एंड रीकंस्ट्रक्शन एंटरप्राइज लिमिटेड (ACRE) ने मिलकर रेज्योलूशन प्लान पेश किया है। इस प्लान के तहत सिंटेक्स का मौजूदा शेयर कैपिटल जीरो हो जाएगा और कंपनी की BSE और NSE पर ट्रेडिंग बंद हो जाएगी।
इन दोनों हालात में कंपनी के शेयरों में अब ट्रेडिंग नहीं होगी। BSE ने सोमवार को ही एक सर्कुलर जारी करके इसकी जानकारी दी थी। पिछले साल अप्रैल में सिंटेक्स इंडस्ट्रीज के इनसॉल्वेंसी की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
Zerodha के बॉस ने दी थी चेतावनी
एक दिन पहले ऑनलाइन स्टॉक ब्रोकरेज कंपनी जीरोधा (Zerodha) के फाउंडर और CEO नितिन कामत ने इस बात की चिंता जाहिर की थी कि अब भी कुछ इनवेस्टर्स सिंटेक्स के शेयरों की खरीदारी कर रहे हैं। जबकि इसके शेयरों की वैल्यू जीरो हो जाएगी।
कामत ने ट्वीट किया था, “यह चिंताजनक है कि कुछ कस्टमर्स अभी भी सिंटेक्स के शेयर खरीद रहे हैं, जबकि उसके स्टॉक की कीमत 0 होना तय है। ऐसे कई लोग हैं, जो सिर्फ इस वजह से स्टॉक खरीद रहे हैं कि शेयर 52 हफ्ते के निचले स्तर पर है और वे इसकी वजह नहीं जानना चाहते हैं।”