Stock Market Closing Bell: बैंकिंग शेयरों और हैवीवेट स्टॉक्स में तेजी के दम पर आज मार्केट में शानदार तेजी रही। घरेलू इक्विटी मार्केट इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nfity 50), दोनों ही डेढ़ फीसदी से अधिक के उछाल के साथ बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में सेंसेक्स आज 72 हजार और निफ्टी 21750 के पार पहुंच गया था। मार्केट की इस शानदार तेजी में आज बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब 6.06 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया यानी निवेशकों की पूंजी आज 6.06 लाख करोड़ रुपये बढ़ी है। निफ्टी पर आज 40 शेयर और सेंसेक्स पर 25 शेयर ग्रीन जोन में बंद हुए हैं।
अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सों की बात करें तो सेंसेक्स आज 1240.90 प्वाइंट यानी 1.76 फीसदी के उछाल के साथ 71941.57 और निफ्टी 385.00 प्वाइंट यानी 1.80 फीसदी उछलकर 21737.60 पर बंद हुआ है। अब सेक्टरवाइज बात करें तो आज निफ्टी के एफएमसीजी इंडेक्स को छोड़ दिया जाए तो बाकी सभी इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए। Nifty FMCG भी 0.14 फीसदी ही कमजोर हुआ है। वहीं निफ्टी बैंक 1.28 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है और निफ्टी ऑयल एंड गैस 5.18 फीसदी चढ़ा है।
निवेशकों ने कमाए 6.06 लाख करोड़ रुपये
बाजार में धांसू तेजी के चलते आज निवेशकों की पूंजी बढ़ी है। एक कारोबारी दिन पहले यानी 25 जनवरी 2024 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप 371.12 लाख करोड़ रुपये था। आज यानी 29 जनवरी 2024 को यह उछलकर 377.18 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी आज करीब 6.06 लाख करोड़ रुपये बढ़ी है।
Sensex के सिर्फ 5 शेयर आज रेड
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें से सिर्फ 5 ही रेड जोन में बंद हुए हैं। इसमें सबसे अधिक तेजी रिलायंस, टाटा मोटर्स और पावरग्रिड में रही। वहीं दूसरी तरफ आज ITC, इंफोसिस और जेएसडब्ल्यू स्टील में सबसे अधिक गिरावट रही। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
473 शेयर एक साल के हाई पर
बीएसई पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसके 4061 शेयरों की आज ट्रेडिंग हुई जिसमें से 2262 में तेजी रही, 1659 में गिरावट आई और 140 में कोई बदलाव नहीं हुआ। वहीं 473 शेयरों ने एक साल का हाई छू लिया और 26 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। इसके अलावा 11 शेयर अपर सर्किट पर चले गए तो 4 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।