Stock market today: सेंसेक्स- निफ्टी में 1% की तेजी, जानिए बाजार को कहां से मिल रहा सपोर्ट

लगातार 9 महीनों की बिकवाली के बाद विदेशी निवेशक एक बार फिर भारत की तरफ रुख करते नजर आ रहे हैं। जुलाई महीने में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में 836.20 करोड़ डॉलर का निवेश किया है

अपडेटेड Aug 11, 2022 पर 1:30 PM
Story continues below Advertisement
मेरिका में महंगाई घटने से इस बात की उम्मीद बढ़ी है कि यूएस फेड और अब कम आक्रामक तरीके से ब्याज दरों में बढ़ोतरी करेगा

आज भारतीय बाजार बढ़त के साथ खुले थे। अमेरिका के महंगाई आंकड़ों में नरमी से बाजार को सपोर्ट मिला है। अमेरिका में महंगाई घटने से इस बात की उम्मीद बढ़ी है कि यूएस फेड और अब कम आक्रामक तरीके से ब्याज दरों में बढ़ोतरी करेगा। इसके साथ ही अब निवेशकों की नजर शुक्रवार को आने वाले भारत के खुदरा महंगाई आंकड़ों पर लगी हुई है।

जुलाई महीने की बाजार की चाल पर नजर डालें तो इस अवधि में सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 8.5 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। वहीं अगस्त में अब तक इनमें 3.2 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। अब निवेशकों की नजर 31 अगस्त को आने वाले वित्त वर्ष 2023 के पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़ों पर भी लगी हुई है।

आइए डालते हैं उन कारणों पर एक नजर जिन्होंने आज बाजार में जोश भरा है।


अमेरिका के महंगाई आंकड़ें

जुलाई में अमेरिका की महंगाई दर ऊंची बनी हुई है लेकिन यह जून महीने के 40 सालों के हाई से नीचे आई है। जुलाई में अमेरिका में महंगाई दर 8.5 फीसदी पर रही है जो कि जून में 9.1 फीसदी पर रही थी। इससे बाजार को सपोर्ट मिला है।

भारत में खुदरा महंगाई कमी होने की उम्मीद

खाने-पीने की चीजों की कीमतों में आई गिरावट की वजह से जुलाई महीने में भारत में खुदरा महंगाई दर घटने की उम्मीद है। मनीकंट्रोल की तरफ से 18 अर्थशास्त्रियों के बीच कराए गए पोल से निकलकर आया है कि जुलाई महीने में भारत में खुदरा महंगाई दर 6.7 फीसदी पर आ सकती है। गौरतलब है कि जून में भारत में खुदरा महंगाई दर 7.01 फीसदी पर रही थी जबकि मई में यह 7.04 फीसदी पर रही थी। बतातें चलें कि 12 अगस्त को शाम 5.30 बजे के आसपास सरकार जुलाई महीने के आंकड़े जारी करेगी। भारत में महंगाई घटने की उम्मीद से भी बाजार को सपोर्ट मिला है।

IRCTC के शेयर बेजान, जून तिमाही में रेवेन्यू 251% बढ़ने पर भी नहीं लौटी तेजी, जानिए अब निवेशक क्या करें

एफआईआई रिटर्न

लगातार 9 महीनों की बिकवाली के बाद विदेशी निवेशक एक बार फिर भारत की तरफ रुख करते नजर आ रहे हैं। जुलाई महीने में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में 836.20 करोड़ डॉलर का निवेश किया है। वहीं अगस्त में अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में 2.06 अरब डॉलर की खरीदारी की है। मार्केट एनालिस्ट का कहना है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान हुए भारी करेक्शन के चलते इक्विटी मार्केट के सभी शेयरों का वैल्यूएशन काफी आर्कषक हो गया है। इसके अलावा कमोडिटी की कीमतों में गिरावट और ग्लोबल केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में कम आक्रामक तरीके से बढ़ोतरी करने की उम्मीद ने निवेशकों के सेंटीमेंट को मजबूत किया है।

जून तिमाही के अच्छे नतीजे

अब तक आए जून तिमाही के नतीजे काफी हद तक उम्मीद के मुताबिक और अच्छे रहे हैं। Reliance Securities के मुताबिक बीएसई 500 इंडेक्स में शामिल जिन कंपनियों ने अब तक अपने नतीजे जारी किए हैं उनमें से 65 फीसदी कंपनियों के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 37 फीसदी , एबिटडा में सालाना आधार पर 23 फीसदी और मुनाफे में सालाना आधार पर 27 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है। अभी तक पहली तिमाही के नतीजों में कोई बड़ी निराशा हाथ नहीं लगी है। तमाम कंपनियों के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे हैं। हालांकि निवेशकों को उम्मीद थी कि बढ़ती उत्पादन लागत के दबाव के चलते पहली तिमाही में कंपनियों के नतीजे कमजोर रह सकते हैं। लेकिन उम्मीद के विपरीत अब तक आए नतीजे काफी अच्छे रहे हैं। स्टील ,सीमेंट और कंज्यूमर कंपनियों पर लागत का सबसे दबाव दिखने का अंदाजा लगाया गया था लेकिन इनकी तरफ से भी निराशा हाथ नहीं लगी है। कुछ मामलों में तो अच्छे रियलाइजेशन और वॉल्यूम में आई जोरदार ग्रोथ के चलते एनालिस्ट के अनुमान से भी बेहतर नतीजे आए हैं।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।