Market overview : आज सुबह कुछ देर पहले गिफ्ट निफ्टी हल्की बढ़त के साथ 25,458 के करीब कारोबार कर रहा था। इससे संकेत मिलता है कि भारतीय बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी आज 18 सितंबर को सपाट खुल सकते हैं। पिछले कारोबारी दिन की बात करें तो बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी ने लगातार दूसरे दिन बढ़त हासिल की थी और 17 सितंबर को रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए थे। इसकी वजह टेलीकॉम, ऑटो और कंस्ट्रक्शन शेयरों में बढ़त रही। यह बढ़त अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के नतीजों से पहले आई है। बाजार सहभागियों को ब्याज दर में 25 आधार अंकों की कटौती की उम्मीद है। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 80 अंक या 0.1 फीसदी बढ़कर 83,068 पर बंद हुआ और निफ्टी 34 अंक बढ़कर 25,418.50 पर बंद हुआ।
