Sun Pharma Share Price: मजबूत मार्केट सेंटिमेंट में आज दिग्गज फार्मा कंपनी सन फार्मा (Sun Pharma) के शेयर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। इसके शेयरों में यह तेजी सब्सिडियरी टैरो फार्मा (Taro Pharma) के शानदार वित्तीय नतीजे के चलते आई। टैरो फार्मा इंडस्ट्रीज के लिए दिसंबर तिमाही उम्मीद से भी बेहतर रही जिसने शेयरों में चाबी भर दी है। इंट्रा-डे में इसके शेयर BSE पर 3.36 फीसदी के उछाल के साथ 1421.00 रुपये पर पहुंच गए जो इसके शेयरों का रिकॉर्ड हाई है। मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी नरमी आई लेकिन अभी भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। दिन के आखिरी में आज BSE पर यह 1.77 फीसदी की मजबूती के साथ 1399.25 रुपये पर बंद हुआ है।
