Suzlon Energy Shares: सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में इस साल जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। इस साल की शुरुआत से अबतक इसका भाव दोगुना हो चुका है और इसने करीब 104% का रिटर्न दिया है। वहीं पिछले एक साल में स्टॉक करीब 250 फीसदी उछल चुका है। बुधवार 28 अगस्त को भी इसके शेयरों में 1 फीसदी से अधिक की तेजी आई और ये करीब 78.55 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। लेकिन क्या ये तेजी आगे भी जारी रहेगी?" टेक्निकल एनालिस्ट और चार्ट एक्सपर्ट सरवेंद्र श्रीवास्तव ने हमारे सहयोगी 'CNBC-Awaaz' पर एक अहम चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर Suzlon का स्टॉक 71 या 70 रुपये के स्तर से नीचे बंद होता है, तो निवेशकों को तुरंत अपने पोजिशन से बाहर निकल जाना चाहिए।
श्रीवास्तव ने कहा कि Suzlon में फिलहाल जरूर मुनाफा मिल रहा है, लेकिन ऐसे शेयरों के साथ सबसे बड़ी समस्या यह है कि जब ये गिरने लगते हैं, तो वे सर्किट में फंस जाते हैं और फिर निवेशकों को अपनी पोजिशन से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाता है। इसलिए उन्होंने निवेशकों को ट्रेलिंग स्टॉप लॉस लगाने का सुझाव दिया है, जिसे फिलहाल 71 रुपये पर रखा जाना चाहिए।
टेक्निकल नजरिए से, Suzlon का रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) 70 से नीचे आकर 64 पर है, जो बताता है कि स्टॉक 'ओवरबॉट' जोन से बाहर हो चुका है।
दूसरे एक्सपर्ट्स की क्या है राय?
सुजलॉन एनर्जी को लेकर कुछ दूसरे एक्सपर्ट्स ने भी हाल ही अपनी राय दी थी। ट्रेडबुल्स के सचितानंद उत्तेकर का कहना है कि यह स्टॉक आगे 115 रुपये तक जा सकता है, क्योंकि यह 11 साल के एक्यूम्यूलेशन जोन से बाहर निकला है। वहीं, टेक्निकल एनालिस्ट्स प्रकाश गाबा ने कुछ दिन पहले सलाह दी थी कि निवेशक इस शेयर में अपना 50% मुनाफा बुक कर लें और बाकी हिस्से को 96 रुपये के लक्ष्य के साथ होल्ड करें।
पिछले हफ्ते ही मार्केट एक्सपर्ट मानस जायसवाल ने सुजलॉन एनर्जी को लेकर अपनी राय दी थी। ये पूछने पर कि क्या स्टॉक 100 की तरफ जाएगा तो उन्होने कहा कि अगर स्टॉक में बढ़त का दौर जारी रहता है तो स्टॉक में 100 से 102 का स्तर देखने को मिल सकता है। हालांकि उन्होने स्टॉक में बने रहने वाले निवेशकों को 74 का स्टॉप लॉस रखने की सलाह दी थी।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।