इन 2 शेयरों का TDP से है सीधा कनेक्शन, आंध्र प्रदेश में जीत के बाद आई 20% की भारी तेजी

TDP-related Stocks: दोनों कंपनी के शेयरों में यह तेजी आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में तेलुगु देशम पार्टी को मिली भारी जीत के बाद आया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, टीडीपी के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं और वह नरेंद्र मोदी की अगुआई वाले एनडीए (NDA) गठबंधन का समर्थन कर सकते हैं

अपडेटेड Jun 05, 2024 पर 8:43 PM
Story continues below Advertisement
NSE पर अमारा राजा एनर्जी का शेयर 12.5 प्रतिशत बढ़कर 1,217.55 रुपये पर कारोबार कर रहा था

TDP-related Stocks: तेलुगु देशम पार्टी (TDP) से जुड़ी 2 कंपनियों के शेयरों में आज 5 जून को 20 प्रतिशत तक की भारी तेजी आई। इन शेयरों में हेरिटेज फूड्स (Heritage Foods) और अमारा राजा एनर्जी एंड मोबिलिटी (Amara Raja Energy & Mobility) शामिल हैं। कंपनी के शेयरों में यह तेजी आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में तेलुगु देशम पार्टी को मिली भारी जीत के बाद आया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, टीडीपी के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं और वह नरेंद्र मोदी की अगुआई वाले एनडीए (NDA) गठबंधन का समर्थन कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते हुए दिख रहे हैं, लेकिन इस बार उनकी सरकार गठबंधन वाली होगी। बीजेपी को बहुमत से 32 सीटें कम मिली हैं। ऐसे में बीजेपी को अब टीडीपी चीफ नीतीश कुमार और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के सपोर्ट की जरूरत है।

दोपहर 1:24 बजे, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर अमारा राजा एनर्जी का शेयर 12.5 प्रतिशत बढ़कर 1,217.55 रुपये पर कारोबार कर रहा था। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्ट (MD) गल्ला जयदेव हैं, जिन्हें जय गल्ला के नाम से भी जाना जाता है। वह टीडीपी से 2 बार सांसद रहे हैं और लोकसभा में टीडीपी के नेता भी रहे हैं। हालांकि जय गल्ला ने इस साल लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था।


उन्होंने इस साल की शुरुआत में कहा था, "मैंने इस बार लोकसभा चुनाव में भाग नहीं लेने का फैसला किया है। मैं ऐसे परिवार से आता हूं जिसकी विरासत लोगों के लिए लड़ने की रही है, लेकिन एक ही समय में दो नावों पर सवार होना आसान नहीं है - सार्वजनिक जीवन में रहना और साथ ही उद्यमी के रूप में काम करते रहना। इसलिए मैंने अपने राजनीतिक जीवन को विराम देने का फैसला किया है।"

टीडीपी से जुड़ी दूसरी कंपनी, हेरिटेज फूड्स के शेयर एनएसई पर करीब 20 फीसदी की तेजी के साथ 544 रुपये प्रति शेयर के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। हेरिटेज ग्रुप की स्थापना 1992 में टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने ही की थी। यह कंपनी तीन सेगमेंट में कारोबार करती है- डेयरी, रिटेल और एग्रीकल्चर।

एन चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश, हेरिटेज फूड्स के प्रमोटरों में से एक हैं। कंपनी अपनी सहायक कंपनी हेरिटेज न्यूट्रीवेट लिमिटेड (HNL) के माध्यम से पशु चारा कारोबार में भी मौजूद है। हेरिटेज फूड्स के प्रोडक्ट्स में दूध और दही, घी, पनीर, फ्लेवर्ड मिल्क जैसे दूध से बने उत्पाद शामिल है। कंपनी की उपस्थिति देश के 11 राज्यों में है।

हेरिटेज फूड्स के शेयरों में पिछले 3 दिन में करीब 38 फीसदी की तेजी आई है। इस साल अब तक इस शेयर में करीब 80 फीसदी की शानदार तेजी देखने को मिली है। बता दें कि चंद्रबाबू नायडू चौथी बार आंध्र प्रदेश के सीएम बनने वाले हैं।

यह भी पढ़ें- चार साल की सबसे बड़ी गिरावट के बाद आज उबरने की कोशिश में बाजार, एक्सपर्ट्स ने ऐसे में इन स्टॉक्स में लगाई बाजी

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।