Telecom Stocks: टेलीकॉम कंपनियों के शेयरों में आज 21 अगस्त को कारोबार के दौरान तेजी रही। वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) और रिलायंस जियो (Reliance Jio) की पैरेंट कंपनी रिलायसं इंडस्ट्रीज के शेयर शुरुआती कारोबार के दौरान 0.7% तक चढ़ गए। यह तेजी टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) की ओर से जून महीने के सब्सक्राइबर डेटा जारी करने के एक दिन बाद आई है। ट्राई ने बताया कि रिलायंस जियो ने जून महीने के दौरान 19.1 लाख सब्सक्राइबर्स जोड़े। वहीं सुनील मित्तल की अगुआई वाली भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के सब्सक्राइबर्स की संख्या में इस दौरान 12.5 लाख का इजाफा हुआ। वहीं दूसरी ओर वोडाफोन आइडिया के यूजर्स की संख्या में जून महीने के दौरान भी गिरावट जारी रही। TRAI के आंकड़ों के मुताबिक, वोडाफोन आइडिया ने जून महीने के दौरान 8.61 लाख यूजर्स खोए हैं।
