अमेरिका की होम अप्लायंसेज मेकर Whirlpool Corporation की इंडियन सब्सिडियरी Whirlpool of India के शेयर में 1 दिसंबर को करीब 12 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली। इसका कारण है कंपनी में प्रमोटर Whirlpool Corporation की ओर से 24 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बिक्री का फैसला। वर्तमान में Whirlpool की Whirlpool of India में एक पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी के माध्यम से 75 प्रतिशत हिस्सेदारी है। स्टेक सेल की खबर आने के बाद 1 दिसंबर को सुबह Whirlpool of India का शेयर बीएसई पर गिरावट के साथ 1530.05 रुपये पर खुला।
इसके बाद यह पिछले बंद भाव से करीब 12 प्रतिशत तक गिरकर 1405 रुपये के लो तक आया। एनएसई पर शेयर 1550.15 रुपये पर खुला और 1,405.10 रुपये के लो तक आया। Whirlpool of India के शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर बीएसई और एनएसई पर 1733 रुपये है। शेयर का 52 सप्ताह का निचला स्तर बीएसई पर 1218.20 रुपये और एनएसई पर 1,217.25 रुपये है। कारोबार खत्म होने पर शेयर करीब 10 प्रतिशत की गिरावट के साथ बीएसई पर 1416.20 और एनएसई पर 1415 रुपये पर बंद हुआ है।
कहां होगा बिक्री से हासिल पैसों का इस्तेमाल
शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा गया है कि Whirlpool Corporation, Whirlpool of India में 24 प्रतिशत तक हिस्सेदारी की बिक्री साल 2024 में एक या एक से ज्यादा ट्रांजेक्शन में करेगी। इस बिक्री के बाद भी Whirlpool Corporation, इंडियन सब्सिडियरी में मेजॉरिटी स्टेक रखना चाहती है। बिक्री से आने वाले पैसों का इस्तेमाल Whirlpool Corporation कर्ज कम करने में करेगी, जो इसकी बैलेंसी शीट में सुधार लाएगा।
भारत अभी भी कंपनी के लिए एक बड़ा बाजार
Whirlpool Corporation ने यह भी कहा है कि भारत अभी भी ग्रोथ के लिहाज से कंपनी के लिए एक बड़ा बाजार बना हुआ है और कंपनी की ग्रोथ स्ट्रैटेजी का अटूट हिस्सा है। Whirlpool Corporation नए प्रोडक्ट लॉन्च और हाल ही में खरीदी गई एलिका इंडिया बिजनेस के साथ, भारत में कारोबार बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।