Get App

Sensex ने आज क्यों लगाया 950 अंकों का गोता? जानिए कारण

ओमीक्रोन वेरिएंट के देश में बढ़े मामलों के चलते सोमवार को शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखने को मिली

MoneyControl Newsअपडेटेड Dec 06, 2021 पर 6:23 PM
Sensex ने आज क्यों लगाया 950 अंकों का गोता? जानिए कारण
सोमवार को सभी सेक्टर के इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए

ओमीक्रोन वेरिएंट (Omicron Variant) के देश में बढ़े मामलों के चलते सोमवार को शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 30 (Sensex-30) करीब 949 अंकों का गोता लगाकर 56,747 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी (Nifty) करीब 284.45 अंक टूटकर 16,912.25 पर बंद हुआ। एक्सपर्ट के मुताबिक, ओमीक्रोन को लेकर चिंता के बीच चौतरफा बिकवाली से बाजार में गिरावट आई।

एक्सपर्ट के अनुसार, देश में शनिवार और रविवार को वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के और मामले सामने आने से शेयर बाजारों में गिरावट आई। इसके अलावा निवेशकों को रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनिटरी पॉलिसी में बदलाव का इंतजार है। RBI के मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की तीन-दिवसीय बैठक सोमवार से शुरू हुई है। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि RBI यथास्थिति बनाए रखने के लिए ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा। हालांकि निवेशक बैठक खत्म होने के बाद इस संबंध में RBI के ऐलान का इंतजार कर रहे हैं।

इस बीच, ओमीक्रोन को लेकर बढ़ती चिंता और शेयर बाजारों में भारी गिरावट के चलते भारतीय रुपया भी सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 30 पैसा कमजोर होकर 75.42 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंच गया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें