शेयर बाजार में पिछले कुछ समय से लगातार गिरावट जारी है। सेंसेक्स और निफ्टी पिछले एक महीने में करीब 4.5 फीसदी तक नीचे आ चुके हैं। अब इसी बीच कंपनियों के जून तिमाही के जो नतीजे सामने आ रहे हैं, वो निवेशकों के लिए एक और चिंता की घंटी बनाती दिखाई दे रही हैं। अगर हम बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, बीमा (BFSI) और ऑयल-गैस सेक्टर को छोड़ दें,तो बाकी सभी सेक्टर की भारतीय कंपनियों का प्रदर्शन पिछले कई तिमाहियों में सबसे कमजोर रहा है। शुद्ध मुनाफा और रेवेन्यू, दोनों में तिमाही आधार पर गिरावट आई है, जबकि सालाना आधार पर इनकी ग्रोथ की रफ्तार धीमी हुई है।
