Yatharth Hospital IPO Listing: यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रामा केयर के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में फीकी एंट्री हुई। हालांकि इसके आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था। आईपीओ निवेशकों को इसके शेयर 300 रुपये के भाव (Yatharth Hospital Issue Price) पर जारी हुए थे। आज बीएसई-एनएसई पर इसकी एंट्री 304 रुपये पर हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कुछ खास लिस्टिंग गेन नहीं मिला। हालांकि लिस्टिंग के बाद शेयर ऊपर चढ़े और दिन के आखिरी में बीएसई पर 333.75 रुपये (Yatharth Hospital Share Price)पर बंद हुआ है यानी कि आईपीओ में पैसे लगाने वाले निवेशक हर शेयर पर 11.25 फीसदी मुनाफे में हैं। इंट्रा-डे में तो यह 342.70 रुपये पर पहुंच गया था।
Yatharth Hospital IPO को मिला था शानदार रिस्पांस
यथार्थ हॉस्पिटल के 676.7 करोड़ रुपये का आईपीओ 26-28 जुलाई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस इश्यू को निवेशकों को शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 37.28 गुना भरा था। इसका क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) का आरक्षित हिस्सा 86.37 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 38.62 गुना और खुदरा निवेशकों का 8.66 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
इस इश्यू के तहत 490 करोड़ रुपये के 1,63,33,333 शेयर जारी हुए हैं। अब इन शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के अलावा कर्ज चुकाने, इसके चार मौजूदा अस्पताल के लिए मेडिकल इक्विपमेंट खरीदने और हॉस्पिटल की खरीदारी में किया जाएगा।
ब्रोकरेज ने दी थी सब्सक्राइब की रेटिंग
ब्रोकरेज फर्म हेम सिक्योरिटीज के एनालिस्ट्स के कैलकुलेशन के हिसाब से इस इश्यू का भाव वित्त वर्ष 2023 के ईपीएस के हिसाब से 39.16 गुना यानी 39.16x PE FY23 पर था। दिल्ली-एनसीआर में यह दिग्गज सुपर-स्पेशियलटी अस्पतालों में शुमार है। स्थाई ऑपरेटिंग, वित्तीय प्रदर्शन और ग्रोथ के मामले में इसका ट्रैक रिकॉर्ड बेहतर रहा है। ऐसे में इस इश्यू को ब्रोकरेज ने सब्सक्राइब की रेटिंग दी था। एक और ब्रोकरेज फर्म जियोजीत बीएनपी पारिबास ने इसे मीडियम से लॉन्ग टर्म निवेश के लिए सब्सक्राइब की रेटिंग दी है।
Yatharth Hospital के बारे में डिटेल्स
यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और नोएडा एक्सटेंशन यानी दिल्ली एनसीआर में तीन सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल हैं। इसके अलावा इसने उत्तर प्रदेश के झांसी के पास मध्य प्रदेश के ओरछा में 305 बेड वाले मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल का अधिग्रहण किया है। इस अधिग्रहण के बाद इसकी क्षमता बढ़कर 1,405 बेड की हो गई है। 31 मार्च, 2023 तक उपलब्ध आंकड़ों के हिसाब से इसमें 609 डॉक्टर हैं।
इसके वित्तीय सेहत की बात करें तो यथार्थ हॉस्पिटल का EBITDA वित्त वर्ष 2021 में 67.01 करोड़ रुपये से 41.29 फीसदी की CAGR से बढ़कर वित्त वर्ष 2023 में 13.38 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसका शुद्ध मुनाफा भी वित्त वर्ष 2021 में 19.58 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2022 में 44.16 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में 65.76 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2023 में इसकी बेड अकुपेंसी रेट 45.53 फीसदी थी।