प्राइवेट सेक्टर के लेंडर यस बैंक (YES Bank) के शेयरों में मंगलवार को 5 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखा गया। दरअसल यस बैंक ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (सितंबर 2022 तिमाही) के बिजनेस अपडेट भेजे थे। बैंक ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसके लोन और टोटल डिपॉजिट्स में दोहरो अंकों में बढ़ोतरी दर्ज की है। इसी के बाद आज इसके शेयरों में यह तेजी देखी गई।
YES Bank के शेयर मंगलवार को बीएसई पर 5.19 फीसदी की बढ़त के साथ 16.20 रुपये के स्तर पर बंद हुए। पिछले 6 महीने में यस बैंक के शेयरों में करीब 24.42 फीसदी की तेजी आ चुकी है।
YES Bank ने सोमवार देर शाम शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि सितंबर तिमाही में उसके लोन और एंडवासेज में सालाना आधार पर 11.6 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह 1.92 लाख करोड़ रुपये रही। बैंक ने बताया कि इसमें से रिटेल डिस्बर्समेंट सितंबर तिमाही में 12,182 करोड़ रुपये रहा।
वहीं YES Bank का कुल डिपॉजिट सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 13.2 फीसदी बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये हो गया। इससे पहले जून तिमाही में बैंक का डिपॉजिट 1.93 लाख करोड़ रुपये रहा था और इस तरह तिमाही आधार पर इसमें 3.5 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
YES Bank ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका CASA रेशियो सालाना आधार पर 19.3 फीसदी बढ़कर 62,073 करोड़ रुपये रहा। यह बैंक के कुल डिपॉजिट का 31.3 फीसदी है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।